आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिवाली में एक लंबी छुट्टी के बाद प्रदेश की राजधानी लखनऊ में फिर छुट्टी में बढोत्तरी की गई है। लखनऊ में 28 अक्टूबर को छठ पर्व पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। योगी सरकार और डीएम विशाख जी. अय्यर ने आदेश जारी किया है। इस दिन स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।
सरकार पहले ही इस पर्व को लेकर राज्यभर में छुट्टी का ऐलान कर चुकी थी, जिसके बाद अब राजधानी के जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर ने भी आधिकारिक आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, इस दिन सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। घाटों पर सफाई और सुरक्षा की विशेष तैयारियां की जा रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
लखनऊ नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से छठ घाटों की तैयारियां जोरों पर हैं। गोमती नदी, कठौता झील, गिलौला झील और वॉटर फ्रंट पर विशेष साफ-सफाई और सजावट की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को ये अधिकार दिया है कि वे स्थानीय स्तर पर स्थिति के अनुसार छठ पर्व पर अवकाश की घोषणा कर सकें। लखनऊ की डीएम विशाख जी. अय्यर ने इस आदेश को लागू करते हुए कहा कि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
 
 




















