आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में घना कोहरा फ्लाइट के लिए मुसीबत बन गया। लखनऊ एयरपोर्ट पर एअर इंडिया के एक विमान ने शुक्रवार को आसमान में 17 चक्कर काटे, लेकिन घने कोहरे के कारण उसकी लैंडिंग नहीं हो पाई। आखिर में फ्लाइट दिल्ली के लिए डायवर्ट करना पड़ा। लखनऊ में बढ़े कोहरे की वजह से कई उड़ानें घंटों देरी से चल रही हैं।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दिल्ली से सुबह 6:30 बजे लखनऊ पहुंचा एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान (IX-2171) घने कोहरे के कारण चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर नहीं उतर सका। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने कम दृश्यता के कारण इसे लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। लखनऊ से वापस दिल्ली डायवर्ट की गई एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह उड़ा दिल्ली से लखनऊ सुबह 6:30 बजे पहुंचती है। इसके बाद यही सुबह आठ बजे रियाद रवाना होती है। लेकिन, आज इस घटना के चलते एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान (IX-189) रद्द कर दिया गया।
ओमान एयर और फ्लाइनेस के विमान लेट इसके अतिरिक्त, मुंबई से रात 12:35 बजे लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान (6E-5264) लगभग 45 मिनट की देरी से पहुंची। रियाद से सुबह नौ बजे आने वाला फ्लाइनेस का विमान (XY-333) दोपहर 2:25 बजे तक पहुंचने की संभावना है। इसी तरह, झारसुगुड़ा से सुबह 10:15 बजे लखनऊ आने वाली स्टार एयर की उड़ान (S-5228) भी दोपहर 12:50 बजे पहुंची।
यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट पर कोहरे से परिचालन बाधित, 118 फ्लाइट्स कैंसिल, 16 का बदला रूट
लखनऊ से दम्माम के लिए सुबह 6:15 बजे उड़ान भरने वाला फ्लाइनेस का विमान (XY-897) दोपहर 3 बजे रवाना होगा। गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6E-146) सुबह 7:55 बजे के बजाय डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई। मस्कट जाने वाली ओमान एयर की उड़ान (WY-266) सुबह 8:50 बजे की जगह 9:35 बजे रवाना हुई।
इंडिगो और एयर इंडिया की उड़ानें भी देरी से उड़ी
रियाद जाने वाली फ्लाइनेस की उड़ान (XY-334) सुबह 10 बजे के बजाय दोपहर 3:25 बजे रवाना होगी। किशनगढ़ जाने वाली स्टार एयर की उड़ान (XY-5223) सुबह 10:45 बजे के बजाय दोपहर 1:35 बजे उड़ान भरी। बेंगलुरु जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (IX-2049) दोपहर 11:05 बजे की जगह 11:50 बजे रवाना हुई। दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6E-758) दोपहर 2:35 बजे के बजाय 3:40 बजे रवाना होगी। झारसुगुड़ा जाने वाली स्टार एयर की उड़ान (S-5229) शाम 5:25 बजे के बजाय रात 8:15 बजे रवाना होगी।




















