लखनऊ में दिखा रमजान का चांद, कल से रखे जाएंगे रोजे, कमेटी ने की तस्दीक

रमजान का चांद

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। रमजान का चांद बुधवार को नजर आया। जिसके बाद सबने एक दूसरे को मुबारकबाद दी। शिया और सुन्नी चांद कमेटियों ने चांद दिखने की तस्दीक कर दी है। इसी के साथ पहला रोजा गुरुवार को होगा। मरकजी चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद ने चांद देखने के बाद घोषणा कि आज बुधवार से सभी मस्जिदों में तरावीह की नमाज पढ़ी जाएगी।

वहीं मौलाना खालिद रशीद ने कहा सभी लोग तरावीह की नमाज में शामिल हो। इस महीने में जरूरतमंदों का विशेष ध्यान रखें। सेहरी और इफ्तार में देरी न करते हुए निर्धारित समय के अनुसार ही रोजा खोलें। मौलाना ने बताया कि रमजान के पवित्र महीने को दस-दस दिनों के तीन भागों में बांटा गया है। ये तीन चरण हैं- एक से दस रोजे (रहमत), 11-20 रोजे (मगफिरत – माफी) और 21-30 रोजे (निजात-जहन्नम से मुक्ति)। हर दस दिन का आध्यात्मिक महत्व है। साथ ही मौलाना खालिद ने कहा तरावीह के समय गाड़ियों को व्यवस्थित तरीके से पार्किंग में खड़ी की जाए। ट्रैफिक बाधित न हो।

इस दौरान शिया मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने कहा कि सभी मस्जिदों में इफ्तार की व्यवस्था की जाए। मस्जिद के आस-पास और मोहल्ले में सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। नमाज के बाद देश और प्रदेश की तरक्की के लिए दुआ करें। अपना समय अनावश्यक कामों में ना बर्बाद करें कुरान पढ़ें, रोजा रखें और इबादत करें।

यह भी पढ़ें- मौलाना फिरंगी महली की अपील, आइ लव मोहम्मद अभियान रोक पेश करें भाईचारे की मिसाल

इसके अलावा मुफ्ती इरफान मियां फरंगी महिला ने कहा- रमजान वो मुबारक महीना है, जिसमें अल्लाह अपने बंदों से सबसे ज्यादा खुश होता है। एक नेक काम करने पर 70 गुना सवाब मिलता है। इसलिए हमें कोशिश करना चाहिए कि पूरा महीना इबादत में गुजरे। गरीब-जरूरतमंदों की खूब मदद करें। इस महीने में जकात और फित्रा के रूप में दान दिया जाता है। जिसका मुख्य उद्देश्य गरीबों की आर्थिक सहायता करना है।

यह भी पढ़ें- होली से पहले यात्रियों को राहत, लखनऊ समेत कई रूट पर चलेंगी 20 स्पेशल ट्रेनें