आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में सर्दी दस्तक दे चुकी है। ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। बुधवार तड़के राजधानी घनी धुंध की चादर में लिपटी रही हालांकि दोपहर तक सूरज निकलने से राहत महसूस हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होगी। न्यूनतम पारा दस डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।
मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हिमपात के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं का रुख और तेज हो गया है। इन ठंडी हवाओं के साथ साफ आसमान के कारण विकिरणीय शीतलन की प्रक्रिया बढ़ गई है। प्रदेश के कई इलाकों में अगले दो से तीन दिनों तक आंशिक शीतलहर की स्थिति बन सकती है। खासकर रात और सुबह के समय तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे तक जा सकता है। लखनऊ समेत आसपास के इलाकों में रात का तापमान दस डिग्री सेल्सियस के नीचे भी दर्ज किया जा सकता है। दिन के तापमान में भी सामान्य से 1 से 4 डिग्री की कमी की संभावना जताई गई है। हालांकि, दिन के समय धूप निकलने से ठंड थोड़ी कम महसूस होगी, लेकिन भोर और देर रात के समय सर्द हवाओं का असर तेज रहेगा।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट का आदेश, तीन हफ्तों में वायु प्रदूषण से निपटने की योजना करें पेश
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और शाम के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंडी हवाओं से बचने की हिदायत दी गई है। सड़क यात्रियों को चेतावनी दी गई है कि तड़के और रात में छाने वाली धुंध के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं और हेडलाइट का प्रयोग करें।




















