लखनऊ में ठंड हुई प्रचंड, टूटा दस साल का रिकॉर्ड

आइएमडी का अलर्ट
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पश्चिम से आ रही बर्फीली हवाओं ने उत्तर प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। राजधानी लखनऊ में बीते दस सालों का रिकॉर्ड टूट गया है। ठंड की वजह से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। लखनऊ में ठंड ने दस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो दिसंबर में दस सालों में सबसे कम रहा, जबकि अधिकतम तापमान 17.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बुधवार सुबह राजधानी में घना कोहरा भी देखा गया।

वहीं दोपहर में धूप तो निकली, लेकिन तेज ठंडी हवा से उसका ज्यादा असर नहीं दिखा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक ऐसा ही मौसम रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुई बूंदाबांदी से पारा लुढ़का है। वहीं चिल विंड फैक्टर की वजह से भी तापमान में गिरावट आई है।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों और रेगिस्तानी इलाकों से आ रही हवाओं ने भी ठंड बढ़ा दी है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के कार्यवाहक निदेशक मोहम्मद दानिश ने बताया कि पश्चिमी यूपी में ठंड का असर ज्यादा रहेगा। बुधवार के बाद दिन-रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी, जो अगले तीन दिनों तक जारी रहेगी, फिर पारा गिरेगा और सर्दी का प्रकोप और बढ़ेगा।

यह भी पढ़ें- ठंड के चलते बदला गया लखनऊ के स्कूलों का समय, DM ने जारी किया आदेश

वहीं प्रदेश में दिन, रात के तापमान सामान्य से करीब दो से पांच डिग्री कम दर्ज किए जा रहे हैं। हड्डियां कंपा देने वाली बर्फीली हवाओं ने दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे लुढ़का दिया। सुबह कोहरा रहा फिर छंटा तो बर्फीली हवाओं के कारण तापमान का पारा ज्यादा नहीं चढ़ सका। अधिकतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्यिस रहा।

यह भी पढ़ें- यूपी में न्यूनतम तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंड, दिखने लगा शीतलहर का असर