आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आनन-फानन में दोनों परिसरों को खाली कराया गया और घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक लखनऊ के गोमतीनगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारी की आधिकारिक मेल आइडी पर एक खौफनाक संदेश प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया कि परिसर में गैस से भरे सायनाइड बम रखे गए हैं। धमकी देने वाले ने चुनौती देते हुए लिखा कि टाइमर के अनुसार दोपहर दो बजकर दस मिनट पर विस्फोट होगा और पूरा ऑफिस उड़ जाएगा।
जिसकी सूचना मिलते ही बीडीएस (बीडीएस) टीम, डॉग स्क्वायड और गोमतीनगर पुलिसबल मौके पर पहुंचे। पूरे दफ्तर को खाली कराकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। हालांकि सघन चेकिंग के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
दुसरी ओर सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर में भी बुधवार सुबह करीब 11 बजे इसी तरह का एक धमकी भरा ईमेल मिला। पोस्टमास्टर सुरेंद्र कुमार चौबे ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सीओ सिटी सौरभ सामंत के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। करीब डेढ़ घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान में हर कमरे और अलमारी की जांच की गई। पुलिस को यहां भी कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।
यह भी पढ़ें- विधानभवन व हाईकोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
सीओ सिटी ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है और पुलिस इस फर्जी मेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस की जांच कर रही है। दोनों ही मामलों में पुलिस और साइबर सेल अब सक्रिय हो गई है। प्राथमिक जांच में इसे किसी की शरारत या ‘हॉक्स कॉल’ माना जा रहा है, लेकिन संवेदनशीलता को देखते हुए लखनऊ और सुल्तानपुर के अन्य महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दोनों मेल एक ही स्रोत से भेजे गए थे।



















