लखनऊ समेत 25 जिलों में लू का अलर्ट, अगले पांच दिन ऐसा रहेगा यूपी का मौसम

भीषण गर्मी
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भीषण गर्मी के बीच प्रदेश में विक्षोभ के गुजरने के बाद शनिवार से मंगलवार तक भीषण गर्मी और लू का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक राज्य के 50 से अधिक जिलों के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़त दर्ज की जा सकती है। फिलहाल शनिवार को लखनऊ सहित 25 जिलों में लू चलेगी।

मौसम विज्ञानी ने बताया कि एक सप्ताह तक प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने की संभावना नहीं है। 25 जून के बाद प्रदेश में प्री मानसून दस्तक दे सकता है। छिटपुट मौसम गतिविधियों के बीच प्रदेश के पूर्वी मध्यवर्ती व दक्षिणी भाग में आगामी एक सप्ताह तक उष्ण लहर (लू) चलने की संभावना है। इनमें प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, गोंडा, आजमगढ़, बलिया, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में लू चलेगी।

वहीं रविवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज सहित 30 जिलों में ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री या इसके आस-पास रह सकता है। दरअसल शुक्रवार को लखनऊ सहित कई जिलों का तापमान सामान्य से अधिक रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक यानी 41.3 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में एक बार फिर बांदा का अधिकतम तापमान सर्वाधिक 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

यह भी पढ़ें- यूपी में प्री-मानसून की शुरुआत, मौसम विभाग ने 54 जिलों में जारी किया बारिश का अलर्ट

जबकि प्रयागराज का अधिकतम तापमान 43.6, वाराणसी का 43, झांसी का 42.6, हमीरपुर का 42.2, गाजीपुर व बहराइच का 42 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार को लगभग 30 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक रहा। रविवार को भी करीब 35 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार रहने का अनुमान है।

यह भी पढ़ें- यूपी: भीषण गर्मी के चलते बढ़ी स्कूलों की छुट्टियां, 25 जून तक घर पर रहेंगे बच्चे