लखनऊ सहित प्रदेशभर में दिन-रात गर्मी का प्रकोप, मौसम विभाग ने जारी किया लू का यलो अलर्ट

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आसमान साफ होने से मौसम काफी गर्म है। हालात ये है कि दिन के साथ रात भी गर्म होने लगी है। सुबह आठ बजे के बाद से ही अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार रिकॉर्ड किया जा रहा है। 15 जून को दिन में शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 32 डिग्री के आसपास होगा। वहीं मौसम विभाग ने कई जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

राजधानी लखनऊ समेत यूपी में दिन और रात गर्मी का प्रकोप लोगों पर टूटा है। दोनों ही समय लोगों को गर्मी और तेज धूप लोगों को झुलसा रही है। दिन में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। सूर्य की किरणें जहां लोगों को झुलसा रही है वहीं पछुआ हवाएं शरीर में शूल सी चुभ रही है। लगातार बढ़ती गर्मी राजधानी वासियों के पसीने छुड़ा रही है।

यह भी पढ़ें- अभी झेलनी पड़ेगी धूप-गर्मी, मौसम विभाग का अनुमान, लखनऊ में 20 जून तक होगी प्री मानसून एक्टीविटी

मौसम विभाग की मानें तो चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के प्रभावी होने के बाद एक हफ्ते के भीतर बारिश जैसी स्थिति बन सकती है। तब कहीं जाकर लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

इन जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी

इसी बीच मौसम विभाग ने भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक बांदा, वाराणसी, कौशांबी, प्रयागराज, गाजीपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, चित्रकूट, संत रविदास नगर, ललितपुर , मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, आगरा, जालौन, झांसी और आसपास के इलाकों के लिए लू चलने का अलर्ट जारी किया है।

यह भी पढ़ें- IMD ने जारी किया उत्तर भारत में भीषण गर्मी-लू का अलर्ट, पश्चिमी विक्षोभ से इन राज्यों में होगी बारिश