आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊवासियों को लिए रविवार का दिन बेहद उत्साहित करने वाला है। इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) अपनी घरेलू जमीन पर गुजरात टाइटन्स की चुनौती का सामना करेगी। इस बारे में जानकारी देते हुए दोनों टीमों के सहायक कोचों ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर अपनी तैयारियों का ऐलान किया, जिससे यह मैच और भी दिलचस्प हो गया है।
मीडिया से बातचीत करते हुए गुजरात टाइटन्स के असिस्टेंट कोच विजय दहिया ने अपनी टीम को पूरी तरह तैयार बताया। साथ ही कहा कि दूसरे कैंप में होने या न होने से हमारी तैयारी पर कोई फर्क नहीं पड़ता। हम तीन मैच खेल चुके हैं और हर मुकाबले में कड़ी टक्कर दे रहे हैं। दहिया ने कप्तान शुभमन गिल की खूब तारीफ की। आगे कहा कि शुभमन गिल क्रिकेट के ब्रिलिएंट स्टूडेंट हैं। उन्हें रेट करने की जरूरत नहीं, भारत ने उन्हें टेस्ट कप्तान बनाकर पहले ही रेट कर दिया है।
वहीं दहिया का राशिद खान के बारे में कहना है कि चैंपियन खिलाड़ी हर कंडीशन में परफॉर्म करते हैं। उन्हें नई वेरिएशंस की जरूरत नहीं होती, वे बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग में हमेशा सौ प्रतिशत देते हैं। मयंक यादव जैसे खतरनाक गेंदबाज के खिलाफ कोई खास स्ट्रेटजी न होने की बात करते हुए दहिया ने साफ किया, कोई खास प्लेयर के लिए अलग प्लान नहीं होता। हर विकेट के लिए प्लान होता है, लेकिन उसे ग्राउंड पर एग्जीक्यूट करना सबसे जरूरी है। जीटी के पास चार तेज गेंदबाज हैं, इसलिए पावरप्ले में भी उन्हें कोई समस्या नहीं दिख रही। पिच को लेकर उन्होंने बताया कि यह पिछली इकाना पिच से अलग मिक्स सॉइल वाली है, लेकिन दिन में मैच होने से कंडीशंस भी अलग रहेंगी।
इस दौरान एलएसजी के असिस्टेंट कोच लांस क्लूजनर ने टीम की सबसे बड़ी ताकत गेंदबाजी बताया। साथ ही कहा, इस सीजन हमारी गेंदबाजी में सबसे बड़ा सुधार हुआ है, जिससे टीम मजबूत हुई है। पिछले दो मैचों में मिली जीत पर खुशी जताते हुए क्लूजनर बोले, जीत हमेशा टीम का मॉरल बढ़ाती है। पहला घरेलू मैच हम हार गए थे, लेकिन अब आत्मविश्वास के साथ वापसी कर रहे हैं। पिछले तीन मैचों में हमारी लय बन गई है। टॉप ऑर्डर की बात करते हुए क्लूजनर ने ऋषभ पंत, बडोनी और मुकुल को सराहा। साथ ही निकोलस पूरन, एडेन मार्करम और मिचेल मार्श जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को सोए हुए शेर करार देते हुए कहा कि यह लंबा टूर्नामेंट है, वे सही समय पर जागेंगे और लय हासिल कर लेंगे।
यह भी पढ़ें- UP T-20 लीग का शेड्यूल जारी, इकाना स्टेडियम में मेरठ-कानपुर की भिड़ंत से होगा आगाज
दोनों कोचों ने मैच को रोमांचक बताया और जीटी ने एलएसजी को अच्छी टीम माना, जबकि एलएसजी अपनी घरेलू पिच और मजबूत गेंदबाजी के दम पर भरोसा जता रही है। पिछले मैच में एक रन से मिली जीटी की जीत ने साबित कर दिया कि आइपीएल में क्लोज गेम्स कितने दिलचस्प हो सकते हैं। दरअसल इकाना की मिक्स सॉइल पिच पर स्पिन और पेस दोनों को मदद मिलने की संभावना है। यह मुकाबला निश्चित रूप से हाई वोल्टेज रहने वाला है। रविवार को इकाना में दो दमदार टीमों के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिलेगी।




















