LU प्रशासन की दोहरी कार्यप्रणाली से नाराज NSUI के छात्रों की हुई ABVP से भिड़त, पुलिस ने संभाली स्थिति

लखनऊ विश्‍वविद्यालय
लखनऊ विश्‍वविद्यालय में छात्रों को समझाती पुलिस व प्राॅक्टर।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भेदभाव का आरोप लगाकर लखनऊ यूनिवर्सिटीज में शनिवार को एबीवीपी और एनएसयूआइ के छात्र आपस में भिड़ गए। हंगामा बढ़ता देख मौके पर प्रॉक्टर पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र प्रॉक्टर से ही उलझ गए। खराब होती स्थिति को देखते हुए पुलिस बुलाई गई। जिसके बाद काफी देर समझाने बुझाने के बाद मामला शांत हुआ।

एनएसयूआइ के छात्रों ने आरोप लगाते हुए बताया कि लखनऊ विश्‍वविद्यालय हमें कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं देता है। पिछले दिनों लखनऊ कैंपस में छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दे पर दिल्ली विश्‍वविद्यालय के एनएसयूआई के दो छात्रसंघ पदाधिकारी संवाद करने के लिए आए थे, लेकिन दोनों ही बार लखनऊ विश्‍वविद्यालय की ओर से कार्यक्रम करने के लिए न हॉल उपलब्ध कराया गया और न ही कार्यक्रम की अनुमति दी गई, जबकि एबीवीपी को प्रॉक्टर के संरक्षण में कार्यक्रम करने की अनुमति दी जा रही है। ऐसे में यदि हमें कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी तो हम भी कार्यक्रम नहीं होने देंगे।

यह भी पढ़ें- लखनऊ यूनिवर्सिटी में रोहित वेमुला की याद में मार्च निकाल रहे छात्रों की ABVP कार्यकर्ताओं से भिड़त

इस संबंध में एसीपी अलीगंज अंकित कुमार ने बताया कि लखनऊ विश्वविद्यालय में एबीवीपी छात्र संगठन की ओर से एक सेमिनार का आयोजन किया जा रहा था, जिसको लेकर एनएसयूआइ के छात्रों ने विरोध जताया एनएसयूआइ के छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में एबीवीपी को कार्यक्रम करने की अनुमति दी जाती है, जबकि हम कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगते हैं तो नहीं मिलती। विश्वविद्यालय इस तरह का भेदभाव हम लोगों के साथ करता है। इसी बात को लेकर दोने संगठन आपस में भिड़ गए थे।

यह भी पढ़ें- लखनऊ यूनिवर्सिटी को मिला नया VC, प्रोफेसर जय प्रकाश सैनी बनाए गए कुलपति