महाराष्ट्र में भूकंप से हिली धरती, रिक्टर स्केल पर 3.5 रही तीव्रता

तेज भूकंप

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में मंगलवार तड़के भूकंप के झटके से लोग डर गए हैं। भूकंप से औंढा और कलमनुरी तहसीलों के 15 से अधिक गांवों में धरती हिलती महसूस की गई। भूकंप की तीव्रता 3.5 रिक्टर स्केल मापी गई है। कड़ाके की ठंड के बीच जब लोग गहरी नींद में थे, तभी कुछ सेकंड के लिए जमीन कांपने लगी। अचानक आए झटकों से घबराए लोग घरों से बाहर निकल आए, हालांकि किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन भूकंप ने पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया।

यह भी पढ़ें- गुजरात में भूकंप से हिली धरती, घरों से निकले लोग

आज सुबह करीब छह बजे तेज भूकंप से धरती हिलने लगी। इस भूकंप की आधिकारिक पुष्टि लातूर स्थित भूकंप मापन केंद्र द्वारा की गई है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, झटकों की तीव्रता 3.5 रिक्टर स्केल रही। भूकंप के बाद हिंगोली के जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने नागरिकों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और आपदा से जुड़ी सावधानियां अपनाने की अपील की है।

बताया जा रहा है कि पिछले पांच साल से इस क्षेत्र में समय-समय पर भूकंप के हल्के से मध्यम झटके महसूस किए जा रहे हैं। कभी सुबह, कभी दोपहर तो कभी शाम को आने वाले इन झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में आया भूकंप, दहशत में घरों से बाहर भागे लोग