दबंग व सरकारी सिस्‍टम से परेशान महिला ने लोकभवन के बाहर की जान देने की कोशिश, आत्‍मदाह दस्‍ते ने बचाया

आत्मदाह की कोशिश
महिला को हिरासत में लेकर जातीं सुरक्षाकर्मी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दबंग के जमीन कब्जाने की शिकायत पर अफसरों समेत सीएम की जनता दरबार तक में सुनवाई न होने से परेशान महिला ने लोकभवन के सामने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर तैनात आत्मदाह दस्ते ने महिला को आग लगाने से पहले ही पकड़ कर हिरासत में लिया। पुलिस महिला को हजरतगंज ले गई और पूछताछ की।

मिली जानकारी के मुताबिक महिला शुक्रवार को दोपहर अचानक लोकभवन के गेट के पास पहुंची। साथ ही अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। इससे पहले कि वह आग लगा पाती, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। उसे थाने ले गए। महिला की पहचान संध्या सिंह के रूप में हुई है। वह न्यू श्रीनगर मानकनगर की रहने वाली है। संध्या का मानक नगर क्षेत्र में जमीनी विवाद चल रहा है।

पुलिस की पूछताछ में संध्या ने बताया कि उनके मकान से संबंधित भूमि का रकबा दो बिस्वा है। इसकी पैमाइश भी कराई गई थी, लेकिन घनी आबादी होने के कारण जमीन को मौके पर स्पष्ट रूप से चिन्हित नहीं किया जा सका। लेखपाल ने बताया कि उनकी भूमि का रकबा कम है और बगल के रहने वाले इकबाल सिंह ने उनके हिस्से की जमीन पर कब्जा कर लिया है।

संध्या का कहना था कि उन्‍होंने इकबाल सिंह से बात की तो वह झगड़े पर आमादा हो गया। गाली-गलौज की। पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इससे संध्या और उनका परिवार में दहशत है।

साथ ही संध्या ने बताया कि जमीन की इन्द्राज/इन्तखाब में स्पष्ट रूप से दो बिस्वा भूमि दर्ज है, जबकि मौके पर जमीन कम है। कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया। सीएम की जनसुनवाई में भी गई, लेकिन उन्‍हें कोई राहत नहीं मिली और न ही जमीन की दोबारा पैमाइश नहीं कराई गई।

यह भी पढ़ें- ससुरालवालों से परेशान युवती ने किया विधानसभा के सामने आत्मदाह की कोशिश, नौ महीने पहले हुई थीं शादी

महिला ने बताया जिला अधिकारी, सीएम और नेताओं से अपील कर चुकी हैं। हर कोई सिविल का मामला होने के चलते उन्हें कार्यवाहीं का आश्वासन दे कर वापस कर देता है। लगातार चक्कर काटते-काटते परेशान होकर आत्मदाह का कदम उठाया है। वहीं महिला ने प्रशासन से मांग की है कि मानक नगर के न्यू श्रीनगर स्थित उनके मकान की नियमानुसार दोबारा पैमाइश कराकर उनकी दो बिस्वा भूमि दिलाई जाए साथ ही परिवार को सुरक्षा दी जाए।

यह भी पढ़ें- धोखाधड़ी व पुलिस की लापरवाही से परेशान महिला ने विधानसभा के सामने भांजे के साथ की आत्मदाह की कोशिश