ससुरालवालों से परेशान युवती ने किया विधानसभा के सामने आत्मदाह की कोशिश, नौ महीने पहले हुई थीं शादी

आत्मदाह
हजरतगंज कोतवाली में युवती व साथ में उसकी परिजन।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पति और ससुरालवालों से नाराज युवती आज विधानभवन के सामने आत्मदाह करने पहुंची। युवती खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल आग लगाने जा रही थीं तभी यह देख सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे समय रहते पकड़ लिया। पुलिस युवती को हिरासत में लेकर हजरतगंज कोतवाली ले गई। जहां उससे पूछताछ की गई, जिसमें पता चला कि बीकेटी निवासी युवती की मात्र नौ महीने पहले ही शादी हुई थीं।

इस संबंध में एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि गुरुवार को स्कूटी सवार महिला विधानभवन गेट नंबर-3 के सामने पहुंची। उसने स्कूटी किनारे खड़ी की और डिक्की से बॉटल निकालकर ज्वलनशील पदार्थ अपने ऊपर उड़ेल लिया और आग लगाने की कोशिश करने लगी। तभी वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने तुरंत महिला को पकड़ लिया। इसके बाद उसे हजरतगंज थाने भेजा गया।

यह भी पढ़ें- धोखाधड़ी व पुलिस की लापरवाही से परेशान महिला ने विधानसभा के सामने भांजे के साथ की आत्मदाह की कोशिश

पूछताछ में पता चला कि बीकेटी के ग्राम कठवारा निवासी स्नेहा सिंह की शादी आलमबाग के दामोदरनगर निवासी विनायक सिंह से करीब नौ महीने पहले हुई थी। विनायक पेशे से अधिवक्ता है। शादी के बाद से दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। जिसके चलते दोनों के बीच मनमुटाव हो गया। आरोप है कि 26 जनवरी को पति ने स्नेहा को मायके भेज दिया और फिर लेने नहीं गया। बाद में ससुराल पहुंचने पर पति और ससुराल पक्ष ने उसे घर से भगा दिया।

यह भी पढ़ें- रेप पीड़िता एक्‍ट्रेस ने CM आवास के बाहर किया आत्मदाह की कोशिश, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप