अपनी 130वीं “मन की बात” में बोले प्रधानमंत्री मोदी, भारतीय उत्पादों की दुनियाभर में होनी चाहिए गुणवत्‍ता से पहचान

मन की बात
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ 130वें कार्यक्रम को संबोधित कर देश की इंडस्ट्री और स्टार्टअप्स से आग्रह किया कि वे अपनी मैन्युफैक्चरिंग में एक्सीलेंस को एक नया बेंचमार्क बनाएं। पीएम ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय उत्पादों की पहचान दुनियाभर में उनकी बेहतरीन गुणवत्ता से होनी चाहिए। साथ ही प्रधानमंत्री ने भारतीय कंपनियों और उद्यमियों से ‘जीरो डिफेक्ट’ उत्पाद बनाने का संकल्प लेने को कहा।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘चाहे हमारा कपड़ा हो, टेक्नोलॉजी हो, इलेक्ट्रॉनिक्स हो या फिर पैकेजिंग, हर क्षेत्र में भारतीय उत्पाद ‘टॉप क्वालिटी’ का पर्याय बनना चाहिए। आइए, हम सब मिलकर जो कुछ भी बनाते हैं, उसकी गुणवत्ता में सुधार करने का संकल्प लें।’ पीएम मोदी ने उन युवाओं के प्रयासों की जमकर तारीफ की, जिन्होंने 2016 में शुरू हुई भारत की स्टार्टअप यात्रा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने गर्व से कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये स्टार्टअप उन क्षेत्रों में भी शानदार काम कर रहे हैं, जिनकी दस साल पहले कल्पना करना भी मुश्किल था।

यह भी पढ़ें- मन की बात में बोले PM मोदी, भारत के ऐतिहासिक पलों व उपलब्धियों से भरा रहा नवंबर 2025

वहीं संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने बताया कि भारतीय स्टार्टअप अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेस, परमाणु ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन और बायोटेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में अपनी धाक जमा रहे हैं। उन्होंने कहा ‘आज आप किसी भी सेक्टर का नाम लें, आपको वहां कोई न कोई भारतीय स्टार्टअप काम करता हुआ मिल जाएगा। मैं उन सभी युवा साथियों को सलाम करता हूं जो खुद का स्टार्टअप चला रहे हैं या इस दिशा में कदम बढ़ाना चाहते हैं।’

यह भी पढ़ें- केरल में रोड शो कर प्रधानमंत्री मोदी ने जारी किया एक लाख स्वनिधि क्रेडिट कार्ड, कही ये बातें