मन की बात में बोले प्रधानमंत्री, सात वर्षों में ही देश के अनेक पुराने विवादों को पूरी शांति-सौहार्द से सुलझाए

भारतीय रिजर्व बैंक
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश की जनता को संबोधित कर कहा कि कहा “आज 30 मई को हम मन की बात कर रहे हैं और संयोग से ये सरकार के सात साल पूरे होने का भी समय है। इन वर्षों में देश सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र पर चला है। देश की सेवा में हम सभी ने हर क्षण समर्पित भाव से काम किया। इन सात वर्षों में ही देश के अनेकों पुराने विवाद भी पूरी शांति और सौहार्द से सुलझाए गए हैं।

वहीं पूर्वोतर से लेकर कश्मीर तक शांति और विकास का एक नया भरोसा जगा है। इन सात सालों में हमने सरकार और जनता से ज्‍यादा एक देश के रूप में काम किया, टीम इंडिया के रूप में काम किया।” साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि देश पूरी ताकत के साथ कोविड-19 से लड़ रहा है, पिछले 100 वर्षों में ये सबसे बड़ी महामारी है। इसी महामारी के बीच भारत ने अनेक प्राकृतिक आपदाओं का भी डटकर मुकाबला किया है। इस दौरान चक्रवात अम्फान, निसर्ग, अनेक राज्यों में बाढ़ आई, अनेक भूकंप आए, भूस्खलन हुए। अभी-अभी पिछले 10 दिनों में ही देश ने, फिर दो बड़े चक्रवात का सामना किया।

मन की बात कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि हाल के दिनों में हमने देखा है कि कैसे हमारे डॉक्टर, नर्स और फ्रंट लाइन वॉरियर्स- उन्होंने ख़ुद की चिंता छोड़कर दिन रात काम किया और आज भी कर रहे हैं। इस सबके बीच कई लोग ऐसे भी हैं, जिनकी कोरोना की दूसरी लहर से लड़ने में बहुत बड़ी भूमिका रही है।  उन्होंने कहा कि जब दूसरी लहर आई, अचानक से ऑक्सीजन की मांग कई गुना बढ़ गई तो बहुत बड़ा चैलेंज था। मेडिकल ऑक्सीजन का देश के दूर-सुदूर हिस्सों तक पहुंचाना अपने आप में बड़ी चुनौती थी। चुनौती के इस समय में ऑक्सीजन के परिवहन को आसान करने के लिए भारतीय रेल आगे आई। ऑक्सीजन एक्सप्रेस ने सड़क पर चलने वाले ऑक्सीजन टैंकर से कहीं ज्‍यादा तेजी से, कहीं ज्‍यादा मात्रा में ऑक्सीजन देश के कोने-कोने में पहुंचाया।

यह भी पढ़ें- जयंती पर सावरकर को याद कर बोले PM मोदी, आजादी की लड़ाई के महान सेनानी और प्रखर राष्ट्रभक्‍त को कोटि-कोटि नमन

उन्होंने आगे कहा कि हमारे देश पर इतना बड़ा संकट आया, इसका असर देश की हर व्यवस्था पर पड़ा। कृषि व्यवस्था ने खुद को इस हमले से काफी हद तक सुरक्षित रखा। सुरक्षित ही नहीं रखा, बल्कि प्रगति भी की। इस महामारी में भी हमारे किसानों ने रिकॉर्ड उत्पादन किया है और देश ने रिकॉर्ड फसल की खरीद भी की। क्या आपको पता है कि इस महामारी में भी हमारे किसानों ने रिकॉर्ड उत्पादन किया है ? किसानों ने रिकॉर्ड उत्पादन किया, तो इस बार देश ने रिकॉर्ड फसल खरीदी भी की है । इस बार कई जगहों पर तो सरसों के लिए किसानों को एमएसपी से भी ज्यादा भाव मिला है। आज इस संकट काल में 80 करोड़ ग़रीबों को मुफ़्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि गरीब के घर में भी कभी ऐसा दिन न आए जब चूल्हा न जले।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि जब हम देखते हैं कि अब भारत अपने खिलाफ साजिश करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देता है तो हमारा आत्मविश्वास और बढ़ता है। जब भारत राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर समझौता नहीं करता, जब हमारी सेनाओं की ताकत बढ़ती है तो हमें लगता है कि हां, हम सही रास्ते पर हैं।

यह भी पढ़ें- बुद्ध पूर्णिमा पर वेसाक वैश्विक समारोह में बोले PM मोदी, कोरोना के बाद पहले जैसी नहीं रहेगी धरती