मनिका विश्‍वकर्मा ने जीता मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का खिताब, थाईलैंड में करेंगी प्रतिनिधित्व

मनिका विश्वकर्मा
मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज पहनतीं मनिका विश्वकर्मा।

आरयू वेब टीम। राजस्थान के जयपुर में हुए एक भव्य समारोह में मनिका विश्‍वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का खिताब हासिल कर लिया है। मिस यूनिवर्स इंडिया 2024, रिया सिंघा ने अपने उत्तराधिकारी को ताज सौंपा। इस जीत के साथ ही मनिका अब इस साल नवंबर में थाईलैंड में होने वाले 74वें मिस यूनिवर्स पेजेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की तान्या शर्मा पहली रनर-अप रहीं, हरियाणा की मेहक धिंगरा दूसरी रनर-अप और आमिशी कौशिक तीसरी रनर-अप बनीं।

ताज मिलने के बाद मनिका ने आभार जताते हुए कहा, “मेरी यात्रा गंगानगर से शुरू हुई। दिल्ली आकर मैंने इस प्रतियोगिता की तैयारी की। हमें अपने अंदर आत्मविश्वास और साहस लाना चाहिए। इस सफर में सभी ने मेरा साथ दिया, मैं उन सबका धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझे आज यहां तक पहुंचाया।” इस जीत के साथ मणिका विश्वकर्मा अब वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिनिधि बन चुकी हैं। उनकी कला, सामाजिक सोच और आत्मविश्वास उन्हें अंतरराष्ट्रीय ताज की मजबूत दावेदार बनाते हैं।

मनिका विश्वकर्मा राजस्थान के श्रीगंगानगर से हैं और फिलहाल दिल्ली में रहती हैं। वह पॉलिटिकल साइंस और इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन की अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने कला और अन्य क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बनाई है। मनिका शास्त्रीय नृत्य और पेंटिंग में प्रशिक्षित हैं। उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्रालय की एक अंतरराष्ट्रीय पहल में किया है। उनकी कला को ललित कला अकादमी और जेजे स्कूल ऑफ आर्ट्स ने भी सराहा है।

यह भी पढ़ें- एक्ट्रेस वहीदा रहमान को मिलेगा फिल्म जगत का सबसे बड़ा दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड

मनिका सिर्फ ग्लैमर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक बदलाव की पैरोकार भी हैं। उन्होंने न्यूरोनोवा नामक एक प्लेटफॉर्म की स्थापना की है, जो न्यूरोडाइवर्जेंस (एडीएचडी जैसी स्थितियों) के बारे में जागरूकता फैलाता है। उनका मानना है कि ऐसी स्थितियों को बीमारी नहीं, बल्कि अनोखी ताकत के रूप में देखा जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें- एक्ट्रेस स्वरा भास्कर के घर गूंजी किलकारी, बेटी को दिया जन्म