मायावती ने भतीजे आकाश के ससुर व नितिन सिंह को BSP से निकाला

मायावती

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बसपा प्रमुख मायावती ने बुधवार को भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ और उनके करीबी नितिन सिंह को पार्टी से बाहर कर दिया। इस कार्रवाई की वजह मायावती ने संगठन में गुटबाजी और पार्टी विरोधी गतिविधियों को बताया है। इस बात की जानकारी खुद बसपा मुखिया ने दी है।

बसपा सुप्रीमो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि, ‘बीएसपी की ओर से खासकर दक्षिणी राज्यों आदि के प्रभारी रहे डाॅ अशोक सिद्धार्थ, पूर्व सांसद व नितिन सिंह, जिला मेरठ को, चेतावनी के बावजूद भी गुटबाजी आदि की पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण पार्टी के हित में तत्काल प्रभाव से बसपा से निष्कासित किया जाता है।’

बता दें कि बसपा नेता अशोक सिद्धार्थ को बसपा चीफ मायावती का बेहद ही करीबी और खास माना जाता है। वह कायमगंज फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। मायावती के कहने के बाद ही उन्होंने सरकारी नौकरी छोड़ दी थी और बसपा का दामन थाम लिया था। अशोक सिद्धार्थ का जन्म पांच जनवरी 1965 को हुआ था। उन्होंने मेडिकल कॉलेज झांसी से आर्थोमेट्री डिप्लोमा किया है। वह अपनी सरकारी सेवा के दौरान बामसेफ में विधानसभा, जिला व मंडल अध्यक्ष के पदों पर रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें- मायावती का बड़ा फैसला, इमरान मसूद को किया बसपा से निष्कासित, लगा आरोप

अशोक सिद्धार्थ बहुजन समाज पार्टी में साल 2007 में शामिल हो गए। पार्टी की तरफ से वह पहली बार 2009 व दूसरी बार 2016 में एमएलसी रहे हैं। इतना ही नहीं वह बसपा में कानपुर-आगरा जोनल कोऑर्डिनेटर जैसे अहम पदों पर भी रहे हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय सचिव का पद के अलावा कर्नाटक,तमिलनाडु केरल सहित पांच राज्यों का प्रभार भी संभाला है। हालांकि, इन चुनावों में पार्टी को कोई सफलता नहीं मिली है। सिद्धार्थ की पत्नी सुनीता सिद्धार्थ वर्ष 2007 से लेकर 2012 तक राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। अशोक सिद्धार्थ की बेटी से अपने भतीजे की शादी भी मायावती ने करवाई थी।

यह भी पढ़ें- अंबेडकर प्रतिमा के अपमान पर मायावती की सरकार से मांग, असामाजिक तत्वों पर करें सख्त कार्रवाई