आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मिजोरम पहुंचे। जहां पीएम ने बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन किया, जो राज्य की राजधानी आइजोल को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ेगी। साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद राज्य के अपने दूसरे दौरे के दौरान मोदी ने आइजोल से एक राजधानी एक्सप्रेस को हरी झंडी भी दिखाई। साथ ही राजमार्गों, ऊर्जा व खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने से जुड़ीं कई अन्य परियोजनाओं की शुरुआत की।
इस दौरान जनता को संबोधित कर पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। पीएम ने कहा कि पहले कुछ राजनीतिक दल सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करते थे। वे सिर्फ वहीं ध्यान देते थे जहां उन्हें ज्यादा वोट और सीटें मिलती थीं। इस कारण से पूरे उत्तर-पूर्व, खासकर मिजोरम जैसे राज्य, बहुत पीछे रह गए, लेकिन अब हमारी सोच अलग है। जिन्हें पहले नजरअंदाज किया जाता था, वे आज सबसे आगे हैं, जो पहले हाशिये पर थे, वे अब मुख्यधारा में हैं।
आज मिजोरम देश के विकास में एक अहम रोल निभा रहा है। यह न सिर्फ देश बल्कि मिजोरम के लोगों के लिए भी ऐतिहासित दिन है। आज आइजोल भारत के रेलवे नक्शे में शामिल हो गया है। कई चुनौतियों का सामना करने के बाद बैराबी-सैरांग रेल लाइन को हकीकत में तब्दील किया गया है।
पीएम मोदी ने कहा, “हमारे दिल सीधे एक-दूसरे से जुड़ते हैं। अब पहली बार सोरांग राजधानी एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली से जुड़ चुका है। ये महज रेलवे कनेक्शन नहीं है, यह ट्रांसफोर्मेशन की लाइफलाइन है। यह मिजोरम के लोगों के लिए नई क्रांति साबित होगी। अब यहां के लोग पूरे भारत से जुड़ सकेगें।”
यह भी पढ़ें- वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री की मुलाकात कर PM मोदी ने कहा, दोनों देश हैं परिवार
प्रधानमंत्री ने आइजोल में नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही 8,070 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली बैराबी-सैरांग रेल लाइन का उद्घाटन किया, जो मिजोरम की राजधानी को पहली बार भारतीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। इस रेल लाइन पर जटिल भूगर्भीय परिस्थितियों में निर्मित 48 सुरंग और 55 प्रमुख पुल हैं। लगभग 51.38 किलोमीटर लंबी बैराबी-सैरांग ब्रॉड-गेज रेल लाइन परियोजना केंद्र की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति का हिस्सा है।
ये आइजोल को असम के सिलचर शहर और देश के बाकी हिस्सों से जोड़ेगी, जिससे मिजोरम भारतीय रेल नेटवर्क के अंतर्गत आ जाएगा। सैरांग (आइजोल)- दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) राजधानी एक्सप्रेस के अलावा, मोदी ने सैरांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस और सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाई। सैरांग रेलवे स्टेशन आइजोल से लगभग 22 किलोमीटर दूर स्थित है।