मोदी की कैबिनेट विस्तार की संभावनाओं के बीच राष्ट्रपति ने किया आठ राज्यों के राज्यपाल में फेरबदल, जानें किसे मिली किस राज्य की जिम्मेदारी

राज्यपाल में फेरबदल

आरयू वेब टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट विस्तार की संभावनाओं के बीच राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कई राज्यों के राज्यपालों में फेरबदल किया है। इस फेरबदल में केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत को राज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कर्नाटक, मध्य प्रदेश और हिमाचल समेत आठ राज्यों में नए राज्यपाल की नियुक्ति की है।

मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले राजस्थान से आने वाले दलित नेता और केंद्र में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा हरि बाबू कंभमपति को मिजोरम का राज्यपाल और मंगूभाई छगनभाई पटेल को मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

यह भी पढ़ें- अंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केंद्र की आधारशिला रखकर बोले राष्ट्रपति, बाबा साहब का लखनऊ से रहा खास संबंध

राजेंद्रन विश्वनाथ अर्लेकर को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। मिजोरम के राज्यपाल पीएस श्रीधरन पिल्लई को गोवा का राज्यपाल व हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को त्रिपुरा के गवर्नर बनाया। त्रिपुरा के राज्यपाल रमेश बैस को झारखंड का राज्यपाल बनाया गया है। इसके अलावा बंडारू दत्तात्रेय को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

वहीं थावर चंद्र गहलोत ने अपनी नई जिम्‍मेदारी को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘’प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी और शीर्ष नेतृत्व ने मेरे प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए मुझे कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया है। मैं उनकी इच्छा, आकांक्षा पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।’’ उन्होंने बताया, ‘’मैं बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता, राज्यसभा की सदस्यता और मंत्री पद से कल त्याग पत्र दूंगा।’’

यह भी पढ़ें- संजय राउत की चेतावनी, महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाने की कोशिश, तो उनको भी जलाएगी ये आग