मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने कसा शिकंजा, जेपी इंफ्राटेक के एमडी मनोज गौड़ गिरफ्तार

मनी लॉन्ड्रिंग केस
एमडी मनोज गौड़। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड के एमडी मनोज गौड़ को मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। जेपी ग्रुप एमडी मनोज गौड़ के खिलाफ जांच, घर खरीदारों के साथ कथित धोखाधड़ी के मामले से संबंधित है। इसी कड़ी में गुरुवार को कार्रवाई करते हुए ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत मनोज गौड़ को गिरफ्तार कर लिया।

ईडी ने मई में जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड, जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड और उनकी संबद्ध संस्थाओं से जुड़े 15 ठिकानों पर छापेमारी की थी और 1.7 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी जब्त की थी। छापेमारी के दौरान, प्रमोटरों, उनके परिवार के सदस्यों और समूह की कंपनियों के नाम पर संपत्ति के दस्तावेजों के साथ-साथ वित्तीय दस्तावेज और डिजिटल डेटा भी जब्त किए गए।

यह भी पढ़ें- सट्टेबाजी केस में सुरेश रैना-शिखर धवन पर ED ने कसा शिकंजा, करोड़ों की संपत्ति जब्त

ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत चल रही जांच के तहत दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और मुंबई में कई जगहों पर छापेमारी की थी। जेपी इन्फ्राटेक के प्रवर्तकों के खिलाफ 2017 में भी एफआइआर दर्ज हुई थी। एफआइआर में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का आरोप लगाया गया, जिसमें जेपी विशटाउन (जेआईएल) और जेपी ग्रीन्स (जेएएल) जैसी परियोजनाओं में आवासीय अपार्टमेंट और प्लॉट आवंटित करने के बहाने घर खरीदारों और निवेशकों को निवेश करने के लिए प्रलोभन देना शामिल है।

यह भी पढ़ें- क्लासरूम निर्माण केस में ED ने मारा 37 ठिकानों पर छापा