आरयू वेब टीम। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रानी झांसी रोड पर अनाज मंडी स्थित एक फैक्ट्री में रविवार सुबह आग लगने से 43 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग झुलस गए। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर मुमकिन मदद देने आश्वासन दिया। साथ ही केजरीवाल सरकार और केंद्र सरकार व दिल्ली बीजेपी ने मुआवजे का ऐलान किया है।
अग्निकांड में मारे गए मृतकों के परिजनों को दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार और दिल्ली भाजपा की तरफ से कुल 17-17 लाख मुआवजा दिया जाएगा, जबकि घायलों को एक लाख 75 हजार आर्थिक मदद दिया जाएगा। इन आर्थिक मदद में 10-10 लाख मुआवजा दिल्ली सरकार मृतकों के परिजनों को देगी।
जबकि पांच-पांच लाख आर्थिक मदद दिल्ली भाजपा मृतकों के परिजनों को देगी। इसके अलावा दो-दो लाख आर्थिक मदद प्रधानमंत्री राहत कोष से दिया जाएगा। वहीं गंभीर रूप से घायलों को दिल्ली सरकार एक-एक लाख, प्रधानमंत्री राहत कोष से 50-50 हजार और भाजपा 25-25 हजार आर्थिक मदद देगी।
केजरीवाल ने पूरी घटना पर अफसोस जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद और बहुत बड़ी घटना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जख्मी लोगों के इलाज का पूरा खर्चा दिल्ली सरकार उठाएगी। इसके अलावा दिल्ली के सीएम ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के भी आदेश दे दिए हैं।
यह भी पढ़ें- सूरत: कोचिंग में आग लगने से टीचर समेत 19 छात्रों की मौत, छात्र-छात्राओं के चौथी मंजिल से कूदने का दर्दनाक वीडियो वायरल, देखें
बता दें कि आज सुबह फैक्ट्री में आग लग गई उस समय कई मजदूर सो रहे थे। हादसे में अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं एलएएनजीपी अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर किशोर सिंह ने बताया है कि उनके अस्पताल में 34 लोगों की मौत हुई और बाकी लोगों का इलाज चल रहा है।
उन्होंने कहा ज्यादातर लोगों की मौत दम घुटने से हुई है। कुछ की हालत अभी स्थिर है। डाक्टर किशोर ने कहा कि जो लोग भर्ती हैं उनके फेफड़े में धुआं गया होगा तो अभी उनकी हालत भी खराब हो सकती है, जिस समय यह घटना हुई, उस समय एक कमरे में 20-20 लोग सो रहे थे।