नहीं रहे मशहूर कॉमेडियन मनोबला, 69 साल की उम्र में निधन, रजनीकांत व कमल हासन समेत कई दिग्‍गजों ने दी श्रद्धांजलि

मनोबला

आरयू वेब टीम। तमिल फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता, कॉमेडियन, निर्देशक और निर्माता मनोबला का निधन हो गया है। अभिनेता ने आज अपने चेन्नई स्थित घर में आखिरी सांस ली। वे महज 69 साल के थे। मनोबल के करीबी ने मीडिया को बताया कि अभिनेता पैंक्रियाटिक की समस्या से जूझ रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, अभिनेता पर इलाज का असर बंद हो गया था। पिछले दो हफ्तों में उनकी तबियत ज्यादा खराब हो गई थी और आज बीमारी के कारण उनका निधन हो गया। हाल ही में मनोबला को इलाज के लिए चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से उन्हें उनके घर पर शिफ्ट कर दिया गया था। यहीं से उनका इलाज चल रहा था। मनोबला के अचानक निधन से उनके फैंस और तमिल इंडस्ट्री के सितारें टूट गए हैं।

सोशल मीडिया के जरिये सभी अभिनेता के निधन पर अपना शोक प्रकट कर रहे हैं। सुपरस्टार रजनीकांत ने तमिल में ट्वीट करते हुए लिखा, ‘लोकप्रिय निर्देशक, अभिनेता और मेरे दोस्त मनोबला के निधन से दुखी हूं। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’

यह भी पढ़ें- महात्मा गांधी के पोते अरुण मणिलाल का निधन, 89 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

अभिनेता कमल हासन ने भी अपने करीबी दोस्त मनोबल को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने तमिल में किए हुए ट्वीट में लिखा, ‘एक अच्छे दोस्त जो निर्देशक, अभिनेता और निर्माता थे, मनोबला के निधन की खबर से बहुत दुख हुआ। उनकी प्राथमिक पहचान सिनेमा के प्रति उत्साही की थी। उनके शोक संतप्त परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’ इनके अलावा जयराम, विक्रम, सुहानी मणिरत्नम, दुलकर सलमान जैसे कई सितारों ने अभिनेता को श्रद्धांजलि दी है।

यह भी पढ़ें- पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर राहुल गांधी व मायावती ने जताया शोक