पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर राहुल गांधी व मायावती ने जताया शोक

प्रकाश सिंह बादल

आरयू वेब टीम। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का 95 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे काफी समय से बीमार थे। प्रकाश सिंह बादल ने चंडीगढ़ के फोर्टिस हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल को सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत के बाद एक हफ्ते पहले मोहाली में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भर्ती के बाद उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आइसीयू) में रखा गया था, जहां डॉक्टर उनके स्वास्थ्य की करीबी निगरानी कर रहे थे

वहीं प्रकाश सिंह के निधन पर कांग्रेस के पूर्व राष्‍ट्रीय अध्‍य राहुल गांधी व बसपा मायावती ने शोक जताया है। राहुल ने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के पूर्व अध्यक्ष सरदार प्रकाश सिंह बादल जी के निधन का समाचार दुखद है। वो आजीवन भारत और पंजाब की राजनीति के एक कद्दावर नेता रहे। सुखबीर सिंह बादल समेत उनके सभी शोकाकुल परिजनों और समर्थकों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने निधन पर कहा है कि काफी लम्बा सम्मानित राजनीतिक सफर तय करने वाले शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक व पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल जी के आज निधन हो जाने की ख़बर अति दुःखद है। उनके परिवार व समस्त अनुयाइयों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।

। पंजाब के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल को ‘गैस्ट्राइटिस’ और सांस लेने में परेशानी होने के चलते पिछले साल जून में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कोविड बाद की स्वास्थ्य जांच के लिए फरवरी 2022 में उन्हें मोहाली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। प्रकाश सिंह बादल पिछले साल जनवरी में कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे और उन्हें लुधियाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

प्रकाश सिंह बादल का जन्म आठ दिसंबर 1927 को पंजाब के छोटे से गांव अबुल खुराना के जाट सिख परिवार में हुआ था। प्रकाश सिंह बादल की पत्नी सुरिंदर कौर का भी देहांत हो चुका है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल उनके बेटे हैं।

यह भी पढ़ें- झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का निधन, सीएम ने कहा, टाइगर नहीं रहे

प्रकाश सिंह बादल ने 1947 में राजनीति में पदार्पण किया था। 1957 में पहला विधानसभा चुनाव जीता था। 1969 में प्रकाश सिंह बादल दोबारा विधायक बने थे। वहीं प्रकाश सिंह बादल 1970–71, 1977–80, 1997–2002 तक पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। वहीं 1972, 1980 और 2002 में नेता विपक्ष भी रहे थे। प्रकाश सिंह बादल सांसद भी रह चुके हैं। केंद्र में मंत्री भी रह चुके थे। एक मार्च 2007 से 2017 उन्होंने दो बार मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला था।

यह भी पढ़ें- फिल्म डायरेक्टर प्रदीप सरकार का निधन, 68 साल की उम्र में ली आखिरी सांस