आरयू वेब टीम। लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी को नया अध्यक्ष मिल गया। पार्टी के नए प्रमुख के रूप में पांच बार के विधायक नितिन नबीन के नाम का आज औपचारिक ऐलान कर दिया गया। इससे पहले उन्हें कल निर्विरोध भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने नबीन को भाजपा का अध्यक्ष बनने पर बधाई दी और उन्हें अपना बॉस बताते हुए कहा कि मैं लगातार तीन बार से देश का प्रधानमंत्री हूं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होना मेरे लिए सबसे अधिक गर्व की बात है।
वहीं भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि नितिन नबीन को केंद्र सरकार की ओर से हाल ही में उच्च श्रेणी की वीआईपी सुरक्षा प्रदान की गई है। नबीन के लिए जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान करने का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) के वीआईपी सुरक्षा विंग को सौंपा गया है।
नितिन नबीन के भाजपा के नए अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने पर बधाई देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “नितिन नबीन को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानि पार्टी की छोटी सी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की व्यापक प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से, भाजपा के संविधान की भावना को ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी। आज उसका विधि पूर्वक समापन हुआ है।
नरेंद्र मोदी ने भाजपा के लिये अपनी अहमियत मंच से बताते हुए काह कि लोगों को लगता होगा कि मैं लगातार तीन बार से देश का प्रधानमंत्री हूं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता होना मेरे लिए सबसे अधिक गर्व की बात है। जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तो हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी मेरे भी बॉस हैं।
इससे पहले पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने कल अपने बयान में कहा, “मैं ये घोषणा करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए केवल एक नाम, नितिन नबीन का नाम, प्रस्तावित किया गया है।” नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के पक्ष में नामांकन पत्रों के 37 सेट दाखिल किए गए और सभी नामांकन पत्र वैध रहे।
यह भी पढ़ें- UP: भाजपा विधायक की एकाएक मौत, मंत्री की बैठक में बिगड़ी थीं तबियत
पीएम मोदी के अलावा पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा के अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी प्रस्ताव रखने वालों में शामिल थे। नबीन के लिए दाखिल 37 नामांकन पत्रों के सेटों में से 36 तो पार्टी की प्रदेश इकाइयों की ओर से दाखिल किए गए थे जबकि एक सेट बीजेपी संसदीय दल द्वारा किया गया था।
केंद्र में सत्तारुढ़ भाजपा की स्थापना 1980 में हुई थी और इसी साल नबीन का जन्म भी हुआ था। नबीन एक राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी भाजपा के नेता थे। उनके पिता बिहार विधानसभा में चार बार विधायक रहे। जबकि नबीन बिहार से पांच बार के विधायक हैं और वर्तमान में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे बिहार सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री हैं।




















