आठ सालों तक नौकरानी को बंधक बना क्रूरता करने वाली भाजपा नेता सीमा पात्रा गिरफ्तार, देशभर से उठी थी कार्रवाई की मांग

सीमा पात्रा

आरयू वेब टीम। नौकरानी को आठ साल तक बंधक बना क्रूरता करने के मामले में रांची पुलिस ने झारखंड के पूर्व आइएएस की पत्‍नी व भारतीय जनता पार्टी से निलंबित नेता सीमा पात्रा को अखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो वायरल होने के बाद देश भर से सीमा पात्रा पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग उठने के बाद अरगोड़ा पुलिस की टीम ने रांची छोड़कर भागने की कोशिश कर रही सीमा पात्रा को बुधवार सुबह दबोच लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक मामला दर्ज करने के बाद से पुलिस की कार्रवाई चल रही थी। पुलिस जगह-जगह सीमा पात्रा की तलाश कर रही थी। पुलिस को सूचना थी कि सीमा पात्रा रांची छोड़कर फरार होने की तैयारी कर रही है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने सीमा को आज पकड़ लिया।

सीमा पर उसकी घरेलू सहायिका के साथ आठ वर्षों तक टॉर्चर करने का आरोप लगा है। सीमा बीते आठ वर्षों में दिव्यांग युवती से ना सिर्फ काम करवा रहीं थीं, बल्कि उसके साथ मार-पीट, लोहे से दागने व जीभ से गंदगी साफ करवाने की भी घिनौनी हरकत कर रही थी। सुनीता का एक वीडियो सोशल मीडिया मीडिया पर सामने जिसमें वह आपबीती सुना रही थी। सीमा के हैवानियत से भरे किस्‍से वाले इस वीडियो के वायरल होने के बाद बवाल खड़ा होने पर भाजपा ने भी सीमा पात्रा से किनारा करते हुए उसे निलंबित कर दिया था।

यह भी पढ़ें- विधानसभा अध्यक्ष ने शुभेंदु अधिकारी समेत भाजपा के सात विधायकों का निलंबन लिया वापस

उल्‍लेखनीय है कि एक सरकारी कर्मचारी से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए रांची पुलिस ने पिछले हफ्ते महिला को पात्रा के आवास से छुड़ाया था और मंगलवार को एक मजिस्ट्रेट के समक्ष घरेलू सहायिका का बयान दर्ज किया था। मंगलवार को पुलिस ने सीमा पात्रा की कैद से आजाद कराई गई सुनीता का कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया है।

उसने अपने बयान में खुद पर हुए जुल्म की पूरी कहानी कोर्ट के समक्ष बतायी है। सुनीता के अनुसार, उसे गरम तवे से जगह-जगह दागा गया है। लोहे के रॉड से उसके आगे के तीन-चार दांत तोड़ दिये गये गये। उसका खाना-पानी तक बंद कर दिया गया था। झारखंड सरकार के कार्मिक विभाग के एक अफसर की सूचना पर रांची पुलिस ने उसे 22 अगस्त को सीमा पात्रा के रांची के अशोकनगर स्थित आवास से मुक्त कराया था।

पात्रा ने कथित तौर पर महिला को रांची के अशोक नगर इलाके में अपने आवास में कई वर्षों तक बंदी बनाकर रखा था। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने भी मंगलवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नीरज सिन्हा से पूछा था कि पात्रा के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

यह भी पढ़ें- दलित बच्ची की पिटाई पर प्रियंका ने योगी से कहा, कार्रवाई करें नहीं तो आपको जगाने के लिए कांग्रेस करेगी आंदोलन