ओपी राजभर के विवादित बोल, अजय राय को बताया फिल्‍म ‘शोले’ का ‘कालिया’

ओपी राजभर
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। अपने विवादित बयान को लेकर चर्चा में रहने वाले योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने इस बार यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर एक विवादित टिप्पणी कर दी है। राजभर ने एक सवाल के जवाब में अजय राय के लिए ‘शोले’ फिल्म का डायलॉग दोहरा दिया कि अब तेरा क्या होगा कालिया।

दरअसल ओपी राजभर से मीडिया ने सवाल पूछा था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली में कहा है कि अगर प्रियंका गांधी को वाराणसी से लड़ा दिया जाता तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब दो-तीन लाख वोटों से हार जाते। इस पर राजभर ने कहा कि उन्हें रोका किसने था। अब तो चुनाव हो चुके हैं, अब आगे की तैयारी करें।

राजभर से कहा गया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी यही बात कही थी, इसपर राजभर ने कहा कि अब तेरा क्या होगा कालिया…। वहीं घोसी सीट पर बेटे की हार को लेकर सुभासपा प्रमुख ने कहा कि हमसे चुनावी गणित में चूक हुई। उसकी समीक्षा की जा रही है। हम आने वाले चुनाव के लिए भी पूरी तरह तैयार हैं।

अजय राय ने किया पलटवार

ओम प्रकाश राजभर के बयान पर अजय राय ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वह बड़बोले नेता हैं। उन्हें जल्द से जल्द इन लोगों से अपना पिंड छुड़ा लेना चाहिए। नहीं तो बची-खुची राजनीति भी खत्म हो जाएगी।

यह भी पढ़ें- मंत्री बनते ही बदले ओपी राजभर के तेवर, कहा मुख्यमंत्री के बाद मेरे पास पावर

बता दें कि लोकसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार सांसद राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ मंगलवार को रायबरेली पहुंचे थे। यहां राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी जान बचाकर निकले हैं। अगर प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ जाती तो प्रधानमंत्री दो से तीन लाख वोटों से चुनाव हार जाते।

यह भी पढ़ें- ओपी राजभर ने कहा, कांग्रेस-सपा ने भरी मुसलमानों के दिमाग में नफरत, आनी चाहिए अक्ल