आरयू ब्यूरो, लखनऊ। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच यूपी में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सामान्य समय से पांच दिन की देरी से बुधवार को दस्तक दी। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। सामान्य तौर पर राज्य में मानसून का आगमन 13 जून को होता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के अधिकारियों ने ये जानकारी दी।
आइएमडी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मानसून की दस्तक के साथ ही सोनभद्र, बलिया, मऊ, गाजीपुर आदि सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके अनुसार, अगले दो से तीन दिन में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।
आइएमडी के लखनऊ वैज्ञानिक ने कहा, ‘‘वर्तमान में पश्चिम बंगाल के गंगा तट के पास स्थित एक सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के आने वाले दिनों में पश्चिम-उत्तर पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली से 19 जून से उत्तर प्रदेश में बारिश में उल्लेखनीय वृद्धि होने का अनुमान है।’’
यह भी पढ़ें- UP को जल्द मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, मौसम विभाग ने जताए बारिश के आसार
साथ ही कहा, ‘‘19 से 22 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में बूंदाबांदी से लेकर बेहद भारी बारिश की प्रबल संभावना है।’’ पूर्वानुमान के अनुसार 30 जून तक मानसून पूरे राज्य को कवर कर लेगा। राज्य में मानसून की दस्तक से बुधवार को शुष्क और गर्म मौसम से कुछ राहत मिली।
यह भी पढ़ें- चिलचिलाती धूप के बीच मौसम विभाग ने जारी की UP के 35 जिले में लू की चेतावनी