आरयू संवाददाता,
लखनऊ। सरोजनीनगर इलाके के अमौसी गांव में बीती रात पत्नी से मोबाइल पर विवाद होने पर पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन मकान में युवक की फंदे से लटकती लाश मिलने की जानकारी पर परिजनों में रोना-पीटना मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ ही जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मूल रूप से चित्रकूट जिले के शिवरामपुर थाना क्षेत्र में स्थित पडरी गांव निवासी अशोक कुमार (38) कुछ समय से अमौसी गांव में जानकारीपुरम सेक्टर एच निवासी अपने जीजा धर्मराज नामदेव का मकान बनवा रहा था। दिन भर मकान में हो रहे निर्माण कार्यों की देखभाल करने के साथ ही अशोक निर्माणाधीन मकान में ही रात में सो जाता था। जबकि उसकी पत्नी, बेटी व तीन बेटे चित्रकूट में रह रहे हैं।
घटना की विवेचना कर रहे एसआइ नईम अहमद ने बताया कि मंगलवार को अशोक का पत्नी से किसी बात को लेकर मोबाइल पर विवाद हो गया था। जिसके बाद से उसका मोबाइल नहीं मिल रहा था। बुधवार को मोबाइल से संपर्क नहीं होने की वजह से आज अशोक का जीजा धर्मराज वहां पहुंचा तो एक कमरे में पानी की पाइप के फंदे के सहारे अशोक की छत से लाश लटक रही थी। जबकि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। धर्मराज की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- प्रेमिका से चार घंटे मोबाइल पर की बात, विवाद हुआ तो सिपाही ने दे दी जान
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। वहीं पुलिस ये भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पति और पत्नी के बीच आखिरकार विवाद की वजह क्या थी।
यह भी पढ़ें- शाम को आनी थी बहनों की बारात सुबह विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, मचा कोहराम