आरयू वेब टीम। पंजाब के मोहाली में 16 प्राइवेट स्कूलो को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी से प्रशासन में हड़कंप मच गया। ईमेल से मिली धमकी के बाद सभी स्कूलों को आनन-फानन में खाली कराया गया। साथ ही इसकी स्कूल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ जांच शुरू की। इस दौरान स्कूल अधिकारियों ने अभिभावकों को संदेश भेजकर छुट्टी की घोषणा की।
स्कूल अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों द्वारा अलर्ट जारी करने के बाद पुलिस ने शिक्षण संस्थानों की गहनता से जांच की। साथ ही बताया कि धमकी भरे ईमेल मिलने वाले लक्षित स्कूल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप सिंह हंस ने मीडिया से कहा कि 16 स्कूल को बम की धमकी वाले ईमेल मिले। हमने स्कूल की जांच के लिए फतेहगढ़ साहिब और रूपनगर जिलों से और बम निरोधक दस्ते बुलवाए।
यह भी पढ़ें- राजधानी के स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
एसएसपी ने कहा कि तलाशी अभियान में करीब 300 पुलिसकर्मी शामिल हैं और सभी 16 विद्यालयों को खाली करा लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि ईमेल के स्रोत की जांच की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। धमकी मिलने वाले स्कूल में मानव मंगल स्कूल, शिवालिक पब्लिक स्कूल और लर्निंग पाथ्स स्कूल शामिल हैं, जिन्हें ईमेल मिला।




















