भाजपा नेता व पूर्व एमएलसी नेपाल सिंह का हार्ट अटैक से निधन

नेपाल सिंह
एमएलसी नेपाल सिंह, फाइल फोटो।

आरयू संवाददाता, रामपुर। भाजपा नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व माध्यमिक शिक्षा मंत्री डॉ. नेपाल सिंह का शुक्रवार को रामपुर में हार्ट अटैक की वजह से निधन हो गया है। 79 वर्षीय नेपाल सिंह का जन्म अलीगढ़ जिले में हुआ और उनकी कर्मभूमि मुरादाबाद रही। वह यहां सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के जिगर कॉलोनी में रहते थे।

बीते दो साल से अधिक समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। जिस कारण पार्टी ने उनकी जगह जया प्रदा को मैदान में उतारा। नेपाल सिंह के निधन का समाचार मिलते ही शहर विधायक रितेश गुप्ता और मेयर विनोद अग्रवाल परिजनों को सांत्वना देने पहुंच गये। इसके साथ ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी उनके निवास पर पहुंचे। फिलहाल, उनके घर पर कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया है।

यह भी पढ़ें- CM योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन,एम्स में ली अंतिम सांस

नेपाल सिंह पहली बार वर्ष 1986 में बरेली-मुरादाबाद मंडल स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य चुने गए थे। उन्होंने 2014 में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में उत्तर प्रदेश की रामपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत भी हासिल की। वह पांच बार उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य रहे।

नेपाल सिंह का जन्म 12 अगस्त 1940 को चंदौला, अलीगढ़ में हुआ था। शिक्षक विधायक बनने के बाद प्रदेश सरकार में डॉ. नेपाल सिंह दो बार मंत्री रहे। इन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में तमाम उल्लेखनीय कार्य किए। उनका अंतिम चुनाव क्षेत्र रामपुर रहा।

यह भी पढ़ें- राज्‍यसभा सदस्‍य व पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा का निधन, मुलायम के साथ मिलकर रखी थी सपा की नींव