CM योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन,एम्स में ली अंतिम सांस

योगी के पिता

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का सोमवार को निधन हो गया। 89 साल के आनंद सिंह बिष्ट को लिवर और किडनी की समस्या थी, जिसके बाद व‍ह 13 अप्रैल से एम्स में भर्ती थे और पिछले कई दिनों से वो वेंटिलेटर पर थे। उन्होंने आज सुबह दस बजकर 40 मिनट पर अंतिम सांस ली। उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्‍थी ने इसकी पुष्टि की।

वहीं, जिस समय मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को ये खबर मिली उस समय वह अपनी टीम 11 के साथ बैठक कर रहे थे। जैसे ही योगी को दुःखद समाचार मिला, उन्होंने मीटिंग स्थगित कर दी और चुपचाप अपने कमरे में चले गए।

वहीं एम्स के एक डॉक्टर ने बताया कि आंनद सिंह बिष्ट को मुख्य रूप से पेट की तकलीफ के चलते भर्ती किया गया था। इसके अलावा डिहाइड्रेशन, लो-बीपी और पैरों में गैंगरीन की समस्या थी। अस्पताल में भर्ती करने के बाद उनकी स्वास्थ्य संबंधी जांच हुई थी। उसी रिपोर्ट के आधार उनका उपचार किया जा रहा था। वहीं निधन के बाद अब शव को पैतृक गांव पंचूर (उत्तराखंड) ले लाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- राज्‍यसभा सदस्‍य व पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा का निधन, मुलायम के साथ मिलकर रखी थी सपा की नींव

बता दें कि सीएम योगी के पिता आनंद सिंह उत्तराखंड के यमकेश्वर के पंचूर गांव में रहते थे। वे उत्तराखंड में फॉरेस्ट रेंजर के पद से 1991 में रिटायर हो गए थे। उसके बाद से ही वे अपने गांव में रह रहे थे। योगी आदित्यनाथ बचपन में ही अपना परिवार छोड़कर गोरखपुर महंत अवेद्यनाथ के पास चले आए थे। बाद में योगी आदित्यनाथ ने महंत के रूप में अवेद्यनाथ की जगह ली।

सीएम योगी की अपने पिता आनंद सिंह बिष्ट से ज्यादा मुलाकात नहीं होती थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी एक कार्यक्रम के सिलसिले में बिजनौर गए थे। आयोजकों ने उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट को कार्यक्रम का आमंत्रण भेजा था। आनंद सिंह अपने पोते अविनाश मोहन बिष्ट के साथ कार्यक्रम में आए थे। इस दौरान योगी ने पिता का शाल ओढ़ाकर स्वागत किया था।

यह भी पढ़ें- आइंस्टीन की थ्योरी को चुनौती देने वाले वशिष्ठ नारायण के निधन के बाद नहीं मिली एंबुलेंस, देखें वीडियो