आरयू वेब टीम। देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बुधवार मॉर्निंग वॉक के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक 75 वर्षीय जगदीप धनखड़ आज सुबह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि वह कुछ मिनटों तक बेसुध रहे। इसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता दिलाई और पीसीआर वाहन से घर पहुंचाया। इसके बाद उनकी जांच के लिए मेडिकल टीम पहुंची। शुरुआती जांच और चिकित्सकीय सहायता के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाया गया।
फिलहाल जगदीप धनखड़ एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं। धनखड़ की अचानक तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। वहीं तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह और मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन का इंतजार है।
गौरतलब है कि जगदीप धनखड़ देश के 14वें उपराष्ट्रपति रहे हैं। उन्होंने अगस्त 2022 में उपराष्ट्रपति पद संभाला था और जुलाई 2025 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल जगदीप धनखड़ एम्स में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अब सभी की नजरें उनके स्वास्थ्य को लेकर आने वाले आधिकारिक अपडेट पर टिकी हैं।




















