आरयू वेब टीम। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया। अपने मताधिकार का उपयोग करने वाले शुरुआती मतदाताओं में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ,विदेश मंत्री एस जयशंकर, हरदीप सिंह पुरी शामिल थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को राष्ट्रपति एस्टेट स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय में अपना वोट डाला। साथ ही वोट डालने वालों में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा और दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलिस वाज ने भी मतदान किया।
इसके अलावा ग्रेटर कैलाश से आप के उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज, करावल नगर से भाजपा के उम्मीदवार कपिल मिश्रा, नयी दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार संदीप दीक्षित और कालकाजी से पार्टी उम्मीदवार अलका लांबा ने भी सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के बाद वोट डाला।
यह भी पढ़ें- केजरीवाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा लेटर, कहा AAP कार्यकर्ताओं पर हमला कर रहे भाजपाई
गौरतलब है कि दिल्ली में 1,56,14,000 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 83,76,173 पुरुष, 72,36,560 महिलाएं और 1,267 थर्ड-जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं में 18-19 वर्ष की आयु के 2,39,905 पहली बार मतदाता, 85 वर्ष या उससे अधिक आयु के 1,09,368 बुज़ुर्ग मतदाता और 79,885 विकलांग व्यक्ति भी शामिल हैं।