77वां गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल ने फहराया राष्ट्रध्वज, हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा

गणतंत्र दिवस
गणतंत्र दिवस समारोह में परेड करते जवान।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देश में धूमधाम से आज 77वें गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राजधानी लखनऊ में विधानभवन के सामने मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। परंपरा के अनुसार राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राष्ट्रध्वज फहराया। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे और परेड की सलामी ली और ध्वजारोहण के बाद हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।

वहीं देशभक्ति गीतों की गूंज से पूरा परिसर गणतंत्र दिवस के रंग में रंगा नजर आया और माहौल राष्ट्रप्रेम से भर उठा।समारोह में प्रस्तुत परेड ने अनुशासन, समर्पण और साहस का संदेश दिया। भारतीय थल सेना की विभिन्न रेजिमेंटों की टुकड़ियों और उनके ब्रास बैंड के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, पीएसी की 32वीं एवं 35वीं वाहिनी, महिला पीएसी बल, प्रांतीय रक्षा दल, एनसीसी कैडेट ने मार्च किया। इस साल हरियाणा पुलिस का दस्ता भी विशेष रूप से परेड में शामिल हुआ। इस सहभागिता ने अंतर-राज्यीय सहयोग और राष्ट्रीय एकता का मजबूत संदेश दिया।

इस अवसर पर सीएमएस अलीगंज द्वारा प्रस्तुत ‘शिक्षित बेटियां’ थीम को दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं सीएमएस गोमतीनगर के बैंड द्वारा बजाई गई ‘सारे जहां से अच्छा’ की धुन ने सभी को मुग्ध कर दिया। साथ ही ‘हम होंगे कामयाब’, ‘कदम कदम बढ़ाए जा’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे गीतों से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।

यह भी पढ़ें- बधाई दे आनंदीबेन पटेल ने कहा, विविधता में एकता के सूत्र में बांधने के स्वरूप की याद दिलाता है गणतंत्र दिवस

इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू हुई। लखनऊ पब्लिक कॉलेज के विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ की अवधारणा पर आधारित नृत्य प्रस्तुति दी, जिसमें आत्मनिर्भरता और प्रगति को दर्शाया गया। जबकि एसएआर पब्लिक स्कूल की प्रस्तुति में नारी शक्ति और महिलाओं की सामाजिक भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। वहीं सेंट जोसेफ कॉलेज, राजाजीपुरम के विद्यार्थियों ने अयोध्या धाम की सांस्कृतिक चेतना, भारतीय परंपरा और नारी-सम्मान का संदेश दिया।

‘उत्तर प्रदेश-उत्तम प्रदेश’

राजधानी लखनऊ में आयोजित इस भव्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों ने देशभक्ति और एकता का संदेश दिया। बाल विद्या मंदिर, चारबाग की ओर से ‘उत्तर प्रदेश-उत्तम प्रदेश’ प्रस्तुति दी गई। एसआर ग्लोबल स्कूल की छात्राओं ने नारी शक्ति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जबकि बाल निकुंज विद्यालय ने ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम को मंच पर प्रभावशाली रूप से उतारा।

राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश

इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की झांकी में ब्रह्मोस मिसाइल, मेट्रो परियोजना, राम मंदिर के माध्यम से प्रदेश की विरासत और विकास कार्यों को दर्शाया गया। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय), जल जीवन मिशन, परिवहन निगम और नमामि गंगे की झांकियों में उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जबकि समारोह के अंत में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने आकाश में तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर प्रदेशवासियों को राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें- अब यूपी में बदल गया राज्यपाल आवास का नाम, राजभवन कहलाएगा जनभवन