आनंदीबेन पटेल बनीं UP की गवर्नर, बिहार और MP के साथ इन राज्यों के भी बदले राज्यपाल

धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अध्यादेश
आनंदीबेन पटेल। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल को उत्तर प्रदेश का राज्यपाल नियुक्‍त किया गया है। वह उत्तर प्रदेश के राजभवन में राम नाईक का स्थान लेंगी। यूपी में नाईक का पांच वर्ष का कार्यकाल समाप्त हो गया है। प्रदेश के 85 वर्षीय राज्यपाल राम नाईक को आराम दिया गया है। साथ ही देशभर के कई अन्‍य राज्‍यों को भी आज नया राज्‍यपाल मिला है।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जनसंख्या के मामले में देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश का राज्यपाल नियुक्‍त किया है। आनंदी बेन वर्ष 1988 में भाजपा में शामिल हुई थी। 1998 में वह गुजरात कैबिनेट में शामिल हुई। तब उन्होंने शिक्षा, महिला एवं बाल कल्याण जैसे मंत्रालयों का जिम्मा संभाला। गुजरात विधानसभा चुनाव में न लड़ने के फैसले के बाद पिछले साल जनवरी में उन्हें मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया। अब उन्हें उत्तर प्रदेश का राज्यपाल नियुक्‍त किया गया है।

यह भी पढ़ें- राज्यपाल व CM योगी ने राजभवन में विवेकानंद की प्रतिमा का किया अनावरण, कही ये बातें

वहीं उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में मंत्री रहने के बाद लखनऊ से सांसद रहे लालजी टंडन को मध्य प्रदेश का राज्यपाल नियुक्‍त किया गया है। बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन को आनंदीबेन पटेल की जगह मध्य प्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है।

राष्ट्रपति भवन की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब फागु चौहान को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। फागू चौहान यूपी के वरिष्ठ नेता हैं। एक जनवरी 1948 को जन्मे चौहान शेखुपुर आजमगढ़ से आते हैं। 17वें यूपी विधान सभा चुनाव में चौहान सबसे अधिक मतों से जीतने वाले विधायक थे। घोसी से निर्वाचित हुए थे।

इसके अलावा आरएन रवि को नागालैंड का गवर्नर, जगदीप धनखर को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल, रमेश बैस को त्रिपुरा का गवर्नर नियुक्‍त किया गया है। इन सभी नए राज्यपालों की नियुक्ति उनके पदभार ग्रहण करने के दिन से शुरू होगी।

यह भी पढ़ें- राज्यपाल से मिलने पहुंचें CM योगी, कुलपति सम्मेलन व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के बारे में हुई बात