राज्यपाल व CM योगी ने राजभवन में विवेकानंद की प्रतिमा का किया अनावरण, कही ये बातें

राजभवन
राजभवन में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण के दौरान राज्यपाल व सीएम योगी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल राम नाईक ने बुधवार को राजभवन में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया। प्रदेश सरकार के निर्देश पर संस्कृति विभाग ने स्वामी विवेकानंद की 12.5 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा बनवाई है।

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने राज्‍यपाल की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले पांच सालों में प्रदेश की उच्च शिक्षा में बड़ा सुधार हुआ है। राम नाईक जी ने उच्च शिक्षा में सुधार के लिए कई सुझाव दिए हैं। जो प्रदेश की उच्च शिक्षा की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण साबित हुए।

यह भी पढ़ें- अयोध्‍या में राम की प्रतिमा का अनावरण कर बोले योगी, देश से धर्म और धर्म से हम सभी सुरक्षित

योगी ने आगे कहा कि राजभवन से उनकी अनेक स्मृतियां जुड़ी हुई है, अक्सर राजभवन सरकारी कामकाज से ही जुड़े होते हैं, लेकिन पिछले पांच साल में राजभवन का दरवाजा हमेशा जनता के लिए खुला रहा। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री ने राज्यपाल की पुस्तक ‘चरैवेति-चरैवेति’ की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तक विवेकानंद के संदेश का प्रसार है।

युवा पीढ़ी को वि‍वेकानंद व्यक्तित्व से प्रेरित करना है उद्देश्‍य

राज्यपाल राम नाईक की पहल पर बनी इस प्रतिमा को मुंबई के मूर्तिकार उत्तम पचारणे ने बनाया है। पचारणे केंद्रीय ललित कला अकादमी के अध्यक्ष भी हैं। प्रतिमा का राजभवन में स्थापित करने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को स्वामी विवेकानंद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरित करना है। इस कार्यक्रम में राज्‍यपाल व सीएम समेंत तमाम नेतागण व अन्‍य अधिकारी मौजूद रहे।

विवेकानंद की प्रतिमा
कार्यक्रम में बोलते सीएम योगी।

यहां बताते चलें कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लोकभवन परिसर में लगाई जानी है। यह प्रतिमा 25 फीट की होगी। इस कांस्य प्रतिमा को जयपुर के एक मूर्तिकार से बनवाया जा रहा है। अटल जी की इस विशाल प्रतिमा के लिए लोकभवन परिसर में एक बड़ा पैडस्टल भी बनाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पुण्‍यतिथि पर सरोजिनी नायडू की प्रतिमा का अनावरण कर बोले राज्‍यपाल, आजादी की लड़ाई में निभाई थी अहम भूमिका

इसके अलावा महंत अवैधनाथ और उनके गुरु दिग्विजय नाथ की प्रतिमाएं गोरखपुर में स्थापित करवाई जानी हैं। ये प्रतिमाएं भी करीब 12.5-12.5 फीट ऊंची होंगी। ये दोनों प्रतिमाएं लखनऊ के मूर्तिकारों से बनवाई जा रही हैं। इसके अलावा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की भी एक प्रतिमा संस्कृति विभाग बनवा रहा है, लेकिन यह प्रतिमा कहां लगेगी, अभी इसका स्थान तय नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें- काशी पहुंचे PM मोदी ने कहा, जरुरी है ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का मतलब समझना, सदस्यता अभियान भी किया शुरू