आरयू ब्यूरो, लखनऊ। रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। इस बार भी योगी सरकार ने बहनों के लिए यूपी रोडवेज बसों में तीन दिन तक मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की है। यह सुविधा आठ अगस्त की सुबह छह बजे से शुरू होकर दस अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी।
सरकार ने बताया है कि यूपी राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) तथा नगरीय बस सेवा की सभी बसों में इस अवधि के दौरान महिलाओं को निःशुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। इसका उद्देश्य रक्षाबंधन के पर्व को और अधिक धूमधाम से मनाना और महिलाओं की यात्रा को सुविधाजनक बनाना है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के माध्यम से घोषणा की। पोस्ट में कहा गया है, “रक्षा बंधन के अवसर पर आगामी आठ अगस्त की सुबह छह बजे से दस अगस्त की रात्रि 12 बजे तक यूपीएसआरटीसी की बसों व नगरीय बस सेवा की बसों में माताओं-बहनों हेतु निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था रहेगी। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में बसें चलाई जाएं। नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी जाम की स्थिति न होने पाए। राज्य मार्गों व अन्य मार्गों में पेट्रोलिंग की जाए।”
यह भी पढ़ें- फुटवियर-लेदर के तहत डिजाइन टू डिलीवरी मॉडल पर विकसित होगा इकोसिस्टम, CM योगी ने दिया निर्देश
हिंदू धर्म में रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष यह त्योहार नौ अगस्त, 2025 को मनाया जाएगा। परंपरा अनुसार, बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं, जो भाई की रक्षा का प्रतीक है, और भाई अपने बहन की रक्षा का संकल्प लेता है।




















