यूपी में ‘शक्ति प्रदर्शन’ कर बोले सांसद चंद्रशेखर, आजाद समाज पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों को मुफ्त मिलेगी शिक्षा-इलाज

चंद्रशेखर
रैली को संबोधित करते चंद्रशेखर आजाद।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/आगरा। आगरा में रविवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) द्वारा आयोजित रैली में लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। रैली को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि ‘आज की भीड़ देखकर प्रशासन की नींद उड़ गई होगी, तभी रामलीला मैदान में रैली नहीं होने दी गई।’ उन्होंने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में आजाद समाज पार्टी की सरकार बनने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे। साथ ही गरीबों को मुफ्त शिक्षा और मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। पिछड़ों और अति पिछड़ों को प्रमोशन में आरक्षण दिया जाएगा और यूपी में पिछड़ा वर्ग के लिए 15 प्रतिशत अलग से आरक्षण की व्यवस्था की जाएगी।

दरअसल चंद्रशेखर आजाद रविवार को आगरा पहुंचे थे। अगामी विधानसभा चुनाव से पहले जीआइसी मैदान में आयोजित इस रैली को पार्टी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। आगरा समेत आस-पास के कई जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक रैली में पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें- कपसाड़ दलित महिला हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे चंद्रशेखर को यूपी में पुलिस ने रोका, हुईं नोकझोंक

अपने भाषण में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलित समाज पर अत्याचार बढ़ा है। उन्होंने मेरठ, कानपुर और हाथरस की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘प्रदेश में हो रहे जुल्म को रोकने के लिए सभी को कमर कसनी होगी।’

सांसद ने प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्‍तेश्‍वरानंद के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए आज एक बार फिर योगी सरकार को घेरा। चंद्रशेखर ने कहा कि ‘जो सरकार धर्म की बात करती है, वही अपने ही धर्म के लोगों पर अत्याचार कर रही है।’ इस दौरान चंद्रशेखर आजाद ने महंगाई को लेकर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि ’15 लाख रुपये खाते में तो नहीं आए, लेकिन सोना जरूर 15 लाख के करीब पहुंच गया है। हालात यह हैं कि गरीब अपनी बेटी को सोने के गहने तक नहीं दे पा रहा।’

यह भी पढ़ें- शंकराचार्य अविमुक्तेश्‍वरानंद को अपमानित करने पर अब बोलीं मायावती, धर्म-राजनीति जोड़ने पर बना रहता है खतरा

भारी भीड़ में भिड़े समर्थक

वहीं दूसरी ओर रैली में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पार्टी कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। सांसद चंद्रशेखर आजाद के मंच पर मौजूद रहते हुए ही कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो देखते-ही-देखते लात-घूसों में बदल गई। बताया जा रहा है कि मंच पर चढ़ने और चंद्रशेखर आजाद की एक झलक पाने की होड़ में कार्यकर्ता आपस में उलझ गए। कार्यकर्ताओं ने आपस में धक्का-मुक्की की और फिर लात-घूसे हालात बिगड़ते देख पुलिस को स्थिति संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

सालों से कष्ट सहते आ रहे हो, थोड़ा और सह लो

समर्थकों के बीच हो रही झड़प को देखकर सांसद चंद्रशेखर आजाद ने खुद माइक संभाला और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा, ‘इतने सालों से कष्ट सहते आ रहे हो, थोड़ा और सह लो। आज अगर पीड़ा सहोगे, तो आने वाले सैकड़ों साल तक पीड़ा आपके आसपास भी नहीं आएगी।’

यह भी पढ़ें- बरेली जा रहे चंद्रशेखर आजाद हाउस अरेस्ट, सांसद का आरोप योगी सरकार चाह रही सच छिपाना