15वें राष्ट्रपति के पद की शपथ ग्रहण कर बोलीं द्रौपदी मुर्मू, भारत में हर गरीब के होते हैं सपने पूरे

राष्ट्रपति मुर्मू
शपथ के बाद संबोधित करतीं राष्‍ट्रपति।

आरयू वेब टीम। द्रौपदी मुर्मू ने देश के 15वें राष्ट्रपति के तौर पर सोमवार को शपथ ग्रहण कर ली है। शपथ ग्रहण के बाद अपने पहले संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि भारत में सभी के सपने पूरे होते हैं। मेरा राष्ट्रपति बनना बेटियों के सामर्थ्य की झलक है। ये सिर्फ मेरी उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत के हर गरीब की उपलब्धि है। मुझे लोकतंत्र की ताकत ने यहां पहुंचाया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपना संबोधन जोहार अभिवादन के साथ शुरु किया। उन्होंने कहा, ‘जोहार ! नमस्कार ! मैं भारत के समस्त नागरिकों की आशा-आकांक्षा और अधिकारों की प्रतीक इस पवित्र संसद से सभी देशवासियों का पूरी विनम्रता से अभिनंदन करती हूं। आपकी आत्मीयता, विश्वास और आपका सहयोग, मेरे लिए इस नए दायित्व को निभाने में मेरी बहुत बड़ी ताकत होंगे। भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर निर्वाचित करने के लिए मैं सभी सांसदों और सभी विधानसभा सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं। आपका मत देश के करोड़ों नागरिकों के विश्वास की अभिव्यक्ति है।’

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मुझे राष्ट्रपति के रूप में देश ने एक ऐसे महत्वपूर्ण कालखंड में चुना है जब हम अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आज से कुछ दिन बाद ही देश अपनी स्वाधीनता के 75 वर्ष पूरे करेगा। ये भी एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा था तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी और आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है।

ऐसे ऐतिहासिक समय में जब भारत अगले 25 वर्षों के विजन को हासिल करने के लिए पूरी ऊर्जा से जुटा हुआ है, मुझे ये जिम्मेदारी मिलना मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है। राष्ट्रपति ने आगे कहा कि मेरे लिए बहुत संतोष की बात है कि जो सदियों से वंचित रहे, जो विकास के लाभ से दूर रहे, वे गरीब, दलित, पिछड़े तथा आदिवासी मुझ में अपना प्रतिबिंब देख रहे हैं। मेरे इस निर्वाचन में देश के गरीब का आशीर्वाद शामिल है, देश की करोड़ों महिलाओं और बेटियों के सपनों और सामर्थ्य की झलक है।

यह भी पढ़ें- देश की 15वीं राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू, भरी मतों से जीतीं चुनाव, 25 जुलाई को लेंगी शपथ

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस एनवी रमना ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत देश के शीर्ष राजनेता संसद भवन में मौजूद रहे। द्रौपदी मुर्मू का शपथ ग्रहण समारोह परंपरागत तरीके से ही हुआ। मंच पर रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- राष्ट्रपति चुनाव के लिए द्रौपदी मुर्मू ने भरा नामांकन, PM मोदी बने प्रस्तावक