रायबरेली के आभार समारोह में बोले राहुल, लोकसभा चुनाव में जनता ने हिंसा, झूठ-अहंकार के खिलाफ दिया वोट

रायबरेली आभार समारोह
समारोह को संबोधित करते राहुल गांधी साथ में प्रियंका गांधी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/रायबरेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली में आयोजित आभार समारोह में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने हिंसा, झूठ और अहंकार के खिलाफ वोट किया है। भाजपा के लोग संविधान को बदलने की बात कर रहे थे पर जनता ने उन्हें संविधान को माथे से लगाने के लिए मजबूर कर दिया है।

राहुल ने कहा कि यूपी की जनता ने नरेंद्र मोदी को संदेश दे दिया है कि हमें आपका विजन पसंद नहीं आया, क्योंकि वो कुछ उद्योगपति के लिए काम करते हैं। जनता ने बता दिया है कि वो नफरत के खिलाफ है। बेरोजगारी के खिलाफ हैं। रायबरेली की जनता ने इस बदलाव की शुरुआत हुई है।

हमला जारी रखते हुए राहुल ने कहा कि भाजपा फैजाबाद लोकसभा सीट भी हार गई। साथ ही कटाक्ष करते हुए राहुल ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से किसी तरह जीते हैं, अगर वहां से प्रियंका लड़ जाती तो प्रधानमंत्री दो-ढाई लाख वोटों से हारते। देश की जनता ने भाजपा को संदेश दिया है कि ये मोहब्बत का देश है।

यह भी पढ़ें- रायबरेली मेरी माताओं की कर्मभूमि, इसलिए यहां लड़ने आया हूं चुनाव: राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा जब राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी तो किसी गरीब को, किसी आदिवासी को नहीं बुलाया गया था। फिल्म के लोग मौजूद थे। उद्योगपति मौजूद थे पर किसी गरीब आदिवासी को नहीं बुलाया गया था। अयोध्या में भाजपा को हराकर जनता ने संदेश दिया है। अब मुद्दों की बात होगी। महंगाई की बात होगी। बेरोजगारी की बात होगी। अग्निवीर की बात होगी। जनता के मुद्दों की बात होगी।

साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि हमारा रायबरेली और अमेठी से बहुत पुराना रिश्ता है। ये करीब सौ साल पहले शुरू हुआ था जब किसानों के आंदोलन के लिए जवाहर लाल नेहरू जी यहां आए थे। ये गहरा रिश्ता है जो अभी है और हमेशा रहेगा।

ये जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि रायबरेली व अमेठी लोकसभा सीट पर जीत कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है। इस जीत से साबित हो गया है कि प्रदेश व देश के लोग साफ सुथरी राजनीति चाहते हैं। ये सब आप कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है।

दोनों सीटों पर जीत के लिए राहुल-प्रियंका कार्यकर्ताओं को आभार जताने के लिए पहुंचे हैं। इस मौके पर सपा कार्यकर्ता भी कांग्रेस के मंच पर मौजूद रहे। प्रियंका गांधी ने सपा कार्यकर्ताओं के लिए भी आभार जताया है।

यह भी पढ़ें- कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा प्रियंका ने कहा, फर्जी मुकदमें लगे-जेल में डाला गया मगर आप डरे नहीं देश को दिया संविधान बचाने का ठोस संदेश