आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में वाराणसी के बाद सूबे की राजधानी लखनऊ में भी टूरिस्ट के साथ लखनऊवासी क्रूज का मजा ले सकेंगे। इस आलीशान क्रूज को बनाने का काम एक प्राइवेट कंपनी ने रिवर फ्रंट पर (हनुमान सेतु के पास) शुरू कर दिया है। रविवार का अवकाश होने के बाद भी आज एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार अपनी टीम के साथ रिवर फ्रंट पहुंचे और क्रूज के बारे में जानकारी लेते हुए पांच महीने में निर्माण कार्य पूरा करते हुए इसे गोमती नदी में चलाने का कंपनी को निर्देश दिया है।
पर्यटकों को लुभाने के लिए बन रहे इस क्रूज पर एक साथ करीब दो सौ लोग सैर कर सकेंगे। इसमें कॉन्फ्रेंस हॉल, वीआईपी लाउंज, डिजिटल स्क्रीन व ओपन रेस्टोरेंट जैसी सुविधा मिलेगी। सैर तीन सौ रुपये में की जा सकेगी, जबकि लंच-डीनर समेत अन्य सुविधाओं के लिए आपको अलग से पैसा देना होगा।
कोलकाता की कंपनी के हाथ लगी बाजी
निरीक्षण के बाद आज एक बयान जारी करते हुए प्रथमेश कुमार ने मीडिया को बताया कि गोमती नदी पर टूरिस्ट क्रूज के संचालन के लिए प्राइवेट कंपनियों को आमंत्रित किया गया था। जिसमें कोलकाता की कंपनी मेसर्स बालाजी सेल्स एंड पूर्णिमा इंटरप्राइजेज का चयन किया गया है। कंपनी ने हनुमान सेतु के पास रिवर फ्रंट पर क्रूज का निर्माण शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें- गोमती रिवर फ्रंट पर LDA बनाएगा मैरिज लॉन, जनेश्वर की झील में चलेंगी इलेक्ट्रिक बोट, VC ने निरीक्षण कर दिए निर्देश
16 करोड़ आएगी लागत, प्राधिकरण की जेब में भी जाएगा 16 लाख
वीसी ने बताया कि क्रूज निर्माण में करीब 16 करोड़ की लागत आएगी, जिसका पूरा खर्च कंपनी ही उठाएगी। वहीं, क्रूज का संचालन शुरू होने पर कंपनी हर साल 16 लाख एलडीए को रेवेन्यू के तौर पर देने होंगे।
45 मीटर चौड़ा तो दस मीटर होगी लंबाई
उपाध्यक्ष ने बताया कि क्रूज की लंबाई 45 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर होगी। इसमें एक बार में 200 लोग सवार होकर नदी की सैर कर सकेंगे। क्रूज का संचालन हनुमान सेतु से गोमती बैराज के मध्य किया जाएगा, जोकि 30 से 45 मिनट में एक चक्कर पूरा करेगा। क्रूज के बेसमेंट में आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, डिजिटल स्क्रीन व वीआईपी लाउंज होंगे। वहीं, ऊपरी हिस्से में ओपन रेस्टोरेंट की सुविधा होगी। क्रूज की सैर के लिए प्रति व्यक्ति 300 रूपये टिकट प्रस्तावित है। वहीं, लंच, डिनर व बुफे आदि की सुविधा के लिए अलग से भुगतान करना होगा।
कैप्टन समेत तैनात होंगे पांच क्रू-मेंबर्स
टूरिस्ट क्रूज पर कैप्टन समेत पांच मरीन क्रू-मेंबर्स तैनात होंगे। राइड शुरू होने पर कैप्टन द्वारा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए क्रूज पर मौजूद लोगों को संबोधित किया जाएगा। खास तौर से बच्चों को क्रूज की विशेषताओं व संचालन के साथ ही मरीन लाइफ के बारे में रोचक जानकारी दी जाएंगी। इसके अलावा बच्चों व युवाओं के लिए तरह-तरह की मनोरंजक गतिविधियां भी होंगी। उपाध्यक्ष ने आज यह भी कहा कि पांच महीने में शुरू होने वाला यह क्रूज शहर में पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।





















