आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मड़ियांव इलाके में बीते दिनों छात्र के साथ हुई मारपीट की घटना का लखनऊ विश्वविद्यालय के बाहर समाजवादी छात्रसभा ने जमकर विरोध किया। इस दौरान छात्रसभा के सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री योगी का पुतला फूंका। जिसकी जानकारी होते ही पुलिस ने उनसे जलता हुआ पुतला छीन लिया। ऐसे में प्रदर्शन कर रहे छात्रसभा के सदस्यों की पुलिस से नोकझोंक हुई।
छात्रों ने कहा मिशन शक्ति फेल हो गया है। गुंडे बेटी को घर में घुसकर मार रहे हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। वे जेल कब जाएंगे। दरअसल समाजवादी छात्रसभा के सदस्य आज लखनऊ विश्वविद्यालय के गेट पर जमा हुए। यहां जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। समाजवादी छात्रसभा के सदस्य का कहना है कि ये बेहद शर्मनाक है कि लगातार महिलाओं के साथ ऐसी घटनाएं घट रही हैं।
साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने छात्रा के कमरे में घुसकर युवती को पीटा। सरकार मिशन शक्ति का कार्यक्रम चल रही है और गुंडे घरों में घुसकर भाई-बहन पर हमला कर रहे हैं। साथ ही कहा कि भाजपा के द्वारा पोषित लोग घरों में घुसकर हमला कर रहे हैं। हमने प्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला फूंक कर विरोध जताया है। पूरी समाजवादी पार्टी पीड़ित बहन के साथ खड़ी है।
यह भी पढ़ें- 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री का घेरा आवास, लगाया आरक्षण घोटाले का आरोप
साथ ही कहा कि पीड़ित बहन चार दिन से एफआइआर कराने के लिए भटक रही थी। सपा के प्रवक्ता ने जब पोस्ट किया। प्रशासन उसके बाद दबाव में आया और मुकदमा दर्ज किया गया। हम लोग उन तमाम आरोपितों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे हैं।
 
 




















