सिंघु बार्डर पर भाजपा के उत्पातियों ने किसानों पर किया पथराव: अखिलेश

अखिलेश यादव
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी बॉर्डर के साथ ही दिल्ली में किसानों पर लाठीचार्ज को लेकर शुक्रवार को अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। साथ ही आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपाई उत्‍पातियों ने सिंधु बॉर्डर पर किसानों पर पथराव किया है।

सपा मुखिया ने आज सोशल मीडिया के माध्‍यम से ट्वीट कर कहा कि भाजपाई उत्पातियों ने सिंघु बार्डर पर किसानों के आंदोलन पर पथराव किया है। सारा देश देख रहा है कि भाजपा कुछ पूंजीपतियों के लिए कैसे देश के भोले किसानों पर अत्याचार कर रही है। साथ ही कहा कि भाजपा की साजिश के साथ ही बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों किसानों पर की जाने वाली निर्दयता घोर निंदनीय है।

वहीं अखिलेश यादव ने एक अन्‍य ट्वीट में कहा कि गाजीपुर बॉर्डर पर लम्बे समय से डटे मैंने अभी राकेश टिकैत जी से बात करके उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। भाजपा सरकार ने किसान नेताओं को जिस तरह आरोपित व प्रताड़ित किया है, वो पूरा देश देख रहा है। आज तो भाजपा के समर्थक भी शर्म से सिर झुकाए और मुंह छिपाए फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश की भावना व सहानुभूति किसानों के साथ है।

यह भी पढ़ें- कृषि कानून के विरोध में किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली, टिकैत बोले, हम मई 2024 तक आंदोलन को तैयार

इसके अलावा अपने एक अन्‍य ट्वीट में सपा सुप्रीमो ने कहा कि सबका पेट भरने वाले किसानों को भाजपा भूखा-प्यासा रखकर व झूठे आरोप लगाकर हराना चाहती है, लेकिन चंद भाजपाइयों को छोड़कर सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानी आज भी किसानों के साथ खड़े हैं।

आगे ये भी कहा कि समाजवादी पार्टी भी हमेशा किसानों के साथ है। जिस तरह छल-बल का प्रयोग कर भाजपा सरकार किसानों के आंदोलन को कुचल रही है, उससे किसानों के साथ-साथ हर सच्चे भारतीय की आत्मा रो रही है। किसान अब तो अगले चुनाव में सरकार की क्रूरता का जवाब वोट से देंगे। यह तो तय है कि आज भाजपा जिन किसानों को सड़क से उठा रही है, वो कल भाजपा को ही सड़क पर ले आएंगे। गौरतलब है कि किसान नेता राकेश टिकैत ने गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन खत्म करने से इनकार कर दिया है। प्रशासन के बात करने पर भी उन्होंने फैसला बदलने से मना कर दिया।

यह भी पढ़ें- सिंघु बॉर्डर पर किसानों व स्थानीय लोगों के बीच झड़प-पत्थरबाजी, पुलिस ने लाठीचार्ज कर दागे आंसू गैस के गोले