राजनाथ सिंह ने लखनऊ से किया नामांकन, यूपी- उत्तराखंड के CM भी रहे साथ

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को लखनऊ लोकसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्र भरने से पहले उन्होंने लखनऊ लोकसभा क्षेत्र में एक विशाल रोड शो किया।

इस दौरान उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जीत ऐतिहासिक होगी और राजनाथ सिंह ने विकास कार्य किए हैं और लखनऊ का विकास किया है। पीएम मोदी तीसरी बार पीएम बनेंगे। इससे पहले राजनाथ सिंह ने लखनऊ में हनुमान सेतु मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। वहीं रोड शो की कमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभाली।मुख्यमंत्री योगी के अलावा हाथ में पार्टी का चिन्ह ‘कमल का फूल’ लेकर राजनाथ सिंह और राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक भी एक खुले वाहन पर सवार रहे।

लखनऊ उत्तर प्रदेश के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। लखनऊ सीट में पांच विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, जिनमें लखनऊ पश्चिम, लखनऊ उत्तर, लखनऊ पूर्व, लखनऊ मध्य और लखनऊ कैंट शामिल हैं। यह निर्वाचन क्षेत्र एक सामान्य सीट है। भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इस निर्वाचन क्षेत्र में मुख्य दल हैं।

यह भी पढ़ें- लखनऊ पूर्वी विधानसभा से कांग्रेस व BJP प्रत्याशी ने दाखिल किया नामांकन

2019 के लोकसभा चुनाव में, भाजपा के राजनाथ सिंह ने 347,302 वोटों के अंतर से सीट जीती। राजनाथ सिंह को 57.00 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 633,026 वोट मिले और उन्होंने एसपी की पूनम शत्रुघ्न सिन्हा को हराया, जिन्हें 285,724 वोट (25.57 प्रतिशत) मिले। 2014 के लोकसभा चुनावों में, भाजपा के राजनाथ सिंह ने सीट जीती और उन्हें 54.23 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 561,106 वोट मिले।

यह भी पढ़ें- CM योगी का आरोप, बैलेट बॉक्स लूटने वाले उठा रहें EVM पर सवाल