संजय सिंह ने कहा, “जनादेश भाजपा के खिलाफ, इस्तीफा दें नरेंद्र मोदी”

संजय सिंह
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव के नतीजों पर मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने भाजपा को निशाने पर लिया। साथ ही कहा लोकसभा चुनाव के जनादेश को भाजपा की नफरत और तानाशाही की राजनीति के खिलाफ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग की है। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि देश की जनता का जनादेश भाजपा के खिलाफ है। भाजपा को बहुमत नहीं मिल रहा है। लिहाजा नरेंद्र मोदी को नैतिकता के आधार पर प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए।

साथ ही कहा कि चुनाव परिणाम से संदेश साफ है कि जनता ने महंगाई, बेरोजगारी और तानाशाही से दुखी होकर ‘भाजपा वापस जाओ’ का नारा दिया है। लोग समझ गए थे कि संविधान व आरक्षण को खत्म करने और अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए मोदी जी को 400 सीटें चाहिए।

यह भी पढ़ें- अमेठी में कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा की स्‍मृति ईरानी पर बड़ी जीत, अपना बूथ भी हारीं केंद्रीय मंत्री

चुनाव के नतीजों को लेकर संजय सिंह संजय ने देश की जनता को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र महापर्व में हिस्सा लिया। ये चुनाव कई प्रकार के संदेश दे रहे हैं। इस चुनाव में जनता द्वारा सबसे बड़ा संदेश दिया गया है कि दस साल के भाजपा शासन से लोग दुखी और परेशान हैं। जनता इस सरकार को हटाना चाहती है।

सारे विपक्ष को पकड़कर जेल मे डाला

आप नेता ने कहा लोग महंगाई, बेरोजगारी और तानाशाही से दुखी हैं। जिस तरह से इस चुनाव में धन-बल, ईडी सीबीआई, इनकम टैक्स, पुलिस बल का इस्तेमाल किया गया, सारे विपक्ष को पकड़कर जेल मे डाला गया। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल, पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को जेल में डाला गया। पूरे चुनाव को प्रभावित करने की एक गहरी साजिश रची गई। इसके बावजूद भारत के लोकतंत्र की ये खूबसूरती है कि देश की महान जनता ने ‘भाजपा वापस जाओ’ का नारा है। जनता ने बाबा साहब के संविधान, दलितों, पिछड़ों, शोषितों और आदिवासियों को मिले आरक्षण को बचाने के लिए वोट किया।

देश की जनता समझ गई की इन्हें 400 पार…

संजय सिंह ने कहा कि इन चुनावी नतीजों में भाजपा को बहुमत मिलता नजर नहीं आ रहा है। पिछली बार की तुलना में बीजेपी की लगभग 60 सीटें कम हो रही हैं। अब अगर प्रधानमंत्री मोदी में जरा सी भी नैतिकता है तो उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। क्योंकि उन्होंने तो 400 पार का नारा दिया था, लेकिन देश की जनता समझ गई की इन्हें 400 पार देश के संविधान को बदलने, आरक्षण खत्म करने और अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए चाहिए। इसलिए देश की जनता ने ये परिणाम दिया है।

नफरत की बुनियाद पर नहीं बनेगा हिन्दुस्तान

साथ ही कहा कि भाजपा के लिए ये बहुत बड़ा सबक है, लेकिन शायद वो ये सबक नहीं लेंगे। क्योंकि उन्हें तो झगड़ा करना है। ये चुनाव का परिणाम भारत में नफरत और तानाशाही की राजनीति के खिलाफ है। ये इस बात का भी संकेत है कि नफरत की बुनियाद पर हिन्दुस्तान नहीं बनेगा, मोहब्बत की बुनियाद पर बनेगा। इसलिए मैं इस देश की महान जनता को बधाई देना चाहता हूं कि लोकतंत्र के इस महापर्व में आपने हिस्सा लिया। जनता ने एग्जिट पोल के नतीजों को पूरी तरह से ध्वस्त किया और ये बताया कि हम लोकतंत्र में अपने मुद्दों के आधार पर वोट देंगे, पार्टियों का चयन करेंगे। किसी को भी इस अहंकार में नहीं रहना चाहिए कि वो हमेशा के लिए इस देश में अपनी तानाशाही की हुकूमत चलाएंगे।

यह भी पढ़ें- अयोध्या-मोहनलालगंज, रायबरेली व गाजीपुर समेत यूपी की इन लोकसभा सीटों पर INDIA ने लहराया जीत का झंडा