BJP सरकार के नौ साल पूरे होने पर बोले CM योगी, डबल इंजन ने रोजगार-सुशासन का स्थापित किया नया मॉडल

योगी सरकार नौ साल
अपने नौ साल के काम गिनाते योगी आदित्‍यनाथ।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी भारत का सबसे बड़ा प्रदेश है। पिछले नौ सालों में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई कहानी लिखी है। नौ साल पहले जो उत्तर प्रदेश बदनाम प्रदेश हुआ करता था वह प्रदेश उत्तम प्रदेश बन गया है। नौ सालों में उत्तर प्रदेश का नव निर्माण हुआ है। इंजन की सरकार ने रोजगार और सुशासन का नया मॉडल स्थापित किया। यूपी के नव निर्माण की पूरी हकीकत को एक प्रमाणिक दस्तावेज में समेटा गया है। उत्तर प्रदेश के नव निर्माण का ये प्रमाणिक दस्तावेज है ‘‘नव निर्माण के नौ साल’’ शीर्षक से प्रकाशित एक खास किताब।

उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के नौ साल पूरे होने के अवसर पर बुधवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में “नव निर्माण के नव वर्ष” पुस्तक का विमोचन कर कही। साथ ही योगी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व उनकी विजनरी नेतृत्व क्षमता के तहत बीते नौ सालों में उत्तर प्रदेश में जो परिवर्तन हुआ है, वह डबल इंजन सरकार की नीतियों, पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, जनप्रतिनिधियों की सेवा भावना और जनता जनार्दन के सहयोग का परिणाम है।

राज्य को पहचान के संकट का सामना करना पड़ रहा था

इस दौरान योगी ने कहा कि इन नौ वर्षों की यात्रा को समझने के लिए ये जानना आवश्यक है कि 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति क्या थी। उत्तर प्रदेश जैसे असीम संभावनाओं वाले राज्य को पहचान के संकट का सामना करना पड़ रहा था। दुनिया की सबसे उर्वर भूमि और प्रचुर जल संसाधनों के बावजूद किसान आत्महत्या के लिए मजबूर था। प्रदेश का कारीगर, जो अपनी कला के लिए प्रसिद्ध था, वह उद्यमी बनने के बजाय श्रमिक बनकर पलायन करने को विवश था। युवाओं के सामने पहचान और रोजगार का संकट था, भर्ती प्रक्रियाएं भ्रष्टाचार और वसूली से प्रभावित थीं।

बेटियां सुरक्षित थीं न व्यापारी और न ही आम नागरिक

योगी ने कहा कि इतना ही नहीं कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी, और न ही आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करता था। प्रदेश में विकास के लिए कोई स्पष्ट विजन नहीं था, जिसके कारण युवा वर्ग निराश होकर या तो पलायन करता था या संघर्ष में उलझा रहता था, लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। पिछले नौ सालों में डबल इंजन सरकार ने सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश, रोजगार, किसानों के कल्याण, महिलाओं के सशक्तीकरण और गरीबों के उत्थान के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए हैं।

यह भी पढ़ें- अब यूपी के हर गांव में प्राइवेट कंपनी चलाएगी बस, योगी की कैबिनेट ने दी कुल 30 प्रस्‍तावों को मंजूरी

वहीं कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दलितों, वंचितों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी लाभ पहुंचाने का काम किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सेवा क्षेत्रों में सुधार करते हुए सुशासन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। साथ ही प्रदेश की आस्था, संस्कृति व परंपराओं को सम्मान देते हुए उन्हें नई पहचान दिलाने के प्रयास भी लगातार जारी हैं, जिससे उत्तर प्रदेश आज एक नई पहचान के साथ देश और दुनिया में उभर रहा है।