अपनी पार्टी KBSP के नाम की घोषणा कर सावित्री फुले ने कहा, कांशीराम के आंदोलन को आगे बढ़ाना है उद्देश्य

केबीएसपी

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। भाजपा के बाद कांग्रेस का दामन छोड़ चुकीं पूर्व सांसद सावित्री बाई फुले ने अब अपनी अलग पार्टी बना ली है। आज उन्‍होंने अपनी नई पार्टी के नाम की घोषणा भी कर दी है। सावित्री बाई ने अपनी पार्टी का नाम है कांशीराम बहुजन समाज पार्टी (केबीएसपी) रखा है।

कांग्रेस छोड़ने के बाद उसी समय सावित्री बाई फुले ने कह दिया था कि वह जल्द नई पार्टी बनाएंगी। लिहाजा, रविवार को लखनऊ स्थित रवींद्रालय में नमो बुद्धाय जनसेवा समिति का सम्मेलन बुलाया गया है। इसी में पूर्व सांसद ने कांशीराम बहुजन समाज पार्टी (केबीएसपी) की घोषणा की। साथ ही दावा किया कि सम्मेलन में विभिन्न राज्यों से समर्थक शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- सावित्री बाई फुले ने अब कांग्रेस से भी दिया इस्तीफा, बनाएंगी नई पार्टी

नवघोषित पार्टी केबीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सावित्री बाई फुले का कहना है कि उनका उद्देश्य कांशीराम के बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय के आंदोलन को आगे बढ़ाना है। नई पार्टी देश और प्रदेश के दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव प्रदेश की हर सीट पर लड़ेगी।

सावित्री बाई फुले वर्ष 2012 से वर्ष 2014 तक बहराइच की बलहा विस सीट से भाजपा की विधायक रहीं। वर्ष 2014 में बहराइच संसदीय सीट से भाजपा के ही टिकट पर चुनाव लड़कर लोकसभा पहुंचीं, मगर बतौर भाजपा सांसद कार्यकाल के अंतिम वर्षों में उनका पार्टी के नेतृत्व से मोहभंग हो गया। पार्टी में रहते हुए उन्होंने बगावत का बिगुल फूंका तो वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें निष्कासित कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- बहराइच की सांसद सावित्री फुले ने छोड़ी BJP, लगाए गंभीर आरोप