सीतापुर: फैक्ट्री में गैस रिसाव के कारण दम घुटने से तीन मासूमों समेत सात की मौत

फैक्टरी में गैस रिसाव
मौके पर पहुंची पुलिस।

आरयू संवाददाता, सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की एक फैक्ट्री में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया है। गैस रिसाव के कारण सात लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में दो पुरुष, दो महिलाएं के साथ ही तीन बच्चे शामिल हैं। गैस रिसाव की सूचना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी सहित भारी फोर्स मौके पर पहुंची।

घटना जिले के बिसवां कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव में दरी फैक्ट्री में दम घुटने से सात लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में तीन पुरुष, एक महिला व तीन बच्चे शामिल हैं। इसमें पांच लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया मौत का कारण पड़ोस की एसिड फैक्ट्री गैस का रिसाव माना जा रहा है। वहीं घटना में चंदनपुर गांव के मुनव्वर ने अपने परिवार के पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। उसके मुताबिक उसका बहनोई अतीक यहां पर चौकीदारी करता था।

यह भी पढ़ें- नोएडा: हल्‍दीराम फैक्ट्री में हुआ अमोनिया गैस का रिसाव, टेक्नीशियन की मौत, तीन भर्ती

वह अपने परिवार के साथ रात में यही रुकता था। मृतकों में अतीक (45) वर्ष, सायरा पत्‍नी अतीक उम्र (42) वर्ष,  आयशा पुत्री अतीक उम्र (12) वर्ष , आफरोज पुत्र अतीक उम्र आठ वर्ष, फैजल पुत्र अतीक उम्र (दो) वर्ष, मोटू उम्र 75 वर्ष पुत्र अज्ञात, पहलवान उम्र (70) वर्ष वर्तमान निवासित दरी फैक्ट्री बिसवां थाना। सभी मूलरूप से जनपद कानपुर के निवासी हैं।

डीएम ने बताया कि दरी फैक्ट्री के पास एक छोटी कैमिकल फैक्ट्री है। जिसमें रात को टैंकर से कोई लिक्विड उतारा गया था। यह लिक्विड जमीन पर गिरा है। जिससे जहरीली गैस बनी है। फैक्ट्री के पास ही मजदूर रहते हैं। गैस की चपेट में आने से इन लोगों की मौत हुई है। गैस का प्रभाव अभी भी है। एनडीआरएफ को मौके पर बुलाया गया है। पर्यावरण व प्रदूषण नियंत्रण विभाग के विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर बुलाई गई है।

वहीं सीतापुर की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के साथ ही घटना से प्रभावित व्यक्तियों को हर संभव राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने और गैस रिसाव मे मरने वाले प्रत्येक व्यक्ति को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। डीएम अखिलेश तिवारी ने इसकी पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें- एटा: पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, छह की मौत, 11 घायल, दूर तक बिखरे थे मानव अंग