BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली को आया हार्ट अटैक, हॉस्पिटल में भर्ती

गांगुली को हार्ट अटैक
सौरव गांगुली। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआइ) के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को सीने में दर्द की शिकायत के बाद शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के सूत्रों से मिली जानकारी के ये पता चला है कि सौरव गांगुली को दिल का दौरा पड़ा है। डॉक्टर्स गांगुली का इलाज कर रहे हैं, फिलहाल पूर्व क्रिकेटर की स्थिति स्थिर है।

हॉस्पिटल के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की कि 48 वर्षीय सौरव गांगुली को एंजियोप्लास्टी की आवश्यकता है। उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ है, जिसके  इलाज के लिए गांगुली को एंजियोप्लास्टी से गुजरना होगा। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम वर्कआउट सत्र के बाद उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की और आज दोपहर दोबारा ऐसी समस्या के बाद परिवार के सदस्य उन्हें अस्पताल ले गए।

यह भी पढ़ें- पूर्व दिग्‍गज क्रिकेटर कपिल देव को पड़ा दिल का दौरा, अस्‍पताल में भर्ती

उन्हें निजी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। हॉस्पिटल अधिकारियों ने बताया कि सौरव की हालत स्थिर है। हम देख रहे हैं कि यह दर्द दिल से जुड़ी किसी समस्या के कारण है या नहीं। उनके कई परीक्षण होंगे।

वहीं ऐसी खबर मिलने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। ममता ने ट्वीट कर कहा, “यह सुनकर दुख हुआ कि सौरव गांगुली को माइल्‍ड कार्डियक अरेस्ट की परेशानी हुई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं। मेरे विचार और प्रार्थनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं!”

यह भी पढ़ें- BP कि दिक्‍कत के बाद अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती हुए अभिनेता रजनीकांत