सौरव गांगुली को अस्पताल से मिली छुट्टी, डॉक्टरों को कहा शुक्रिया

सौरव गांगुली
अस्पताल से डिस्चार्ज हुए सौरव गांगुली साथ में अन्य।

आरयू वेब टीम। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली को गुरुवार को कोलकाता के अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। अस्पताल से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से भी बात की। सौरव गांगुली ने कहा कि वो अब ठीक हैं और जल्द ही वापसी करेंगे।

अस्पताल से छुट्टी मिलने पर गांगुली ने कहा, ‘हम अपनी जान बचाने के लिए अस्पताल आते हैं। यह सच साबित हुआ। मैं वुडलैंड्स अस्पताल और उत्कृष्ट देखभाल के लिए सभी डॉक्टरों का शुक्रिया अदा करता हूं। मैं बिल्कुल ठीक हूं। उम्मीद है कि जल्द ही वापसी करूंगा।’

यह भी पढ़ें- BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली को आया हार्ट अटैक, हॉस्पिटल में भर्ती

सौरव गांगुली की शनिवार को ही एंजियोप्लास्टी की गई थी। अस्पताल के मुताबिक, गांगुली के दिल की नसों में बाकी ब्लॉकेज के लिए होने वाली अगली एंजियोप्लास्टी पर फैसला बाद में लिया जाएगा, क्योंकि वह पहले से काफी बेहतर हैं।इससे पहले जाने-माने कार्डिय़ोलॉजिस्ट डॉ. देवी शेट्टी ने कहा था, ‘सौरव गांगुली फिट हैं और अब वह फिर से सामान्य जीवन की ओर लौट सकते हैं, जैसा कि वह पहले थे। उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।’

डॉ. शेट्टी वुडलैंड मंगलवार को अस्पताल में गांगुली का उपचार कर रहे 13 डॉक्टरों से मिल थे। उन्होंने कहा, ‘गांगुली जल्द स्वस्थ हो जाएंगे क्योंकि उनका हृदय उसी तरह काम कर रहा है जैसा कि 20 साल की उम्र में करता था।’ ये भी कहा, ‘यह कोई बड़ा दिल का दौरा नहीं था। इससे उनके हृदय को कोई क्षति नहीं पहुंची है, इसका भविष्य में उनके जीवन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वह सामान्य जीवन बिता सकते हैं।’

यह भी पढ़ें- सौरव गांगुली ने संभाला BCCI के 39 वें अध्यक्ष का पदभार